मेनार गांव में घर में घुसकर पिल्ले का शिकार कर ले गया लेपर्ड
CCTV में कैद हुई घटना
Udaipur Times, Leopard Terror: उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के मेनार गांव में लेपर्ड की आबादी क्षेत्र में आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। देर रात लेपर्ड एक घर में घुसकर कुत्ते के पिल्ले को उठा ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके फुटेज सामने आए हैं।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 26 नवंबर की रात करीब 1 बजकर 3 मिनट पर लेपर्ड घर के आसपास पहुंचा। इसके बाद वह घर में घुसा और कुत्ते के पिल्ले को अपना शिकार बनाकर उठा ले गया। सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद गांव में लेपर्ड की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई।
पालतू पशुओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की गतिविधि सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को अब अपने पालतू पशुओं के साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता सताने लगी है। रात के समय घरों के बाहर खुले में बंधे पशुओं और पालतू जानवरों पर हमले की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से लेपर्ड की गतिविधियों पर निगरानी रखने और उसे पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लेपर्ड की लगातार आवाजाही से खतरा बढ़ गया है, ऐसे में जल्द कार्रवाई कर लोगों को राहत दी जाए।