Udaipur News: कार की टक्कर से घायल लेपर्ड का देर रात रेस्क्यू- रेस्क्यू के दौरान एक वनकर्मी घायल

भैरवगढ़ मार्ग पर हादसे के बाद वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन,सज्जनगढ़ लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया गया

 | 
Forest Department officials rescue an injured leopard after a late-night operation near Bhairavgarh Road in Udaipur, Rajasthan.

Udaipur Wildlife News,उदयपुर 4 जून 2026 - शहर में भैरवगढ़ मार्ग पर रात करीब 9 बजे एक कार की टक्कर से लेपर्ड के मुंह पर गंभीर चोट लगी। चोट के कारण उसके मुंह से खून बह रहा था और वह कुछ देर तक सड़क पर ही पड़ा रहा। सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही लेपर्ड घिसटते हुए सड़क किनारे झाड़ियों में जाकर छिप गया।

अंबेरी वन क्षेत्र के फॉरेस्टर पंकज खटीक ने लेपर्ड की लोकेशन ट्रेस कर रेस्क्यू टीम को बुलाया। टीम ने झाड़ियों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो टॉर्च की रोशनी पड़ते ही लेपर्ड गुर्राते हुए दूसरी दिशा में भाग गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर दी। रात करीब 12:45 बजे शूटर अजीत सिंह राणावत ने ट्रेंक्यूलाइजिंग गन से निशाना साधकर शॉट दागा।

निशाना सटीक लगा और दवा का असर शुरू हो गया। करीब 20 मिनट बाद टीम उसके पास पहुंची, लेकिन तब तक वह पूरी तरह बेहोश नहीं हुआ था। इसी दौरान लेपर्ड ने अचानक हमला कर रेस्क्यू टीम के सदस्य जितेंद्र सिंह देवड़ा को घायल कर दिया। हमले में उनके दोनों हाथों और चेहरे पर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जान बचाने के लिए जितेंद्र सिंह ने भी लेपर्ड को पकड़ लिया। Udaipur News

शोर सुनकर अन्य वनकर्मी, मौके पर मौजूद लोग और पास ही रहने वाले एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार भी उनकी मदद के लिए दौड़े। करीब आधे घंटे बाद लेपर्ड पूरी तरह निढाल हो गया, जिसके बाद टीम ने उसे जाल की सहायता से पकड़ लिया। अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर उसे बांधकर वाहन में शिफ्ट किया गया और सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क के लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया गया। चित्रकूट नगर और आसपास का क्षेत्र पहाड़ी इलाका है। खेलगांव के पीछे स्थित पहाड़ियों में पूर्व में भी लेपर्ड की आवाजाही सामने आती रही है। Leopard Rescued

हालांकि पिछले पांच वर्षों में यूडीए द्वारा विकसित इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आवासीय कॉलोनियां बस चुकी हैं। यहां स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सामाजिक संस्थाओं के भवन और सरकारी आवास भी स्थित हैं। घटना खेलगांव से सुखेर जाने वाले मार्ग पर हुई, जिससे क्षेत्र में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।

#Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #Leopard #LeopardRescue #WildlifeRescue #WildlifeConservation #ForestDepartment #Sajjangarh #AnimalRescue #BreakingNews #UdaipurWildlife #IndiaWildlife #NatureConservation #LocalNews #Mewar #UdaipurUpdates #RajasthanWildlife #TrendingNews

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News