उदयपुर में 6 फीट ऊंची दीवार फांदकर बाड़े में घुसा लेपर्ड, बछड़े का किया शिकार
Udaipur Times, Leopard Spotted: उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र में लेपर्ड के हमले की घटना सामने आई है। यहां 25 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे एक लेपर्ड किसान के घर के बाड़े में घुस गया और भैंस के बछड़े का शिकार कर उसे उठा ले गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें लेपर्ड करीब 6 फीट ऊंची दीवार फांदकर बाड़े में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार, किसान राजू सिंह पुत्र भूर सिंह के घर के बाड़े में देर रात लेपर्ड घुसा था। सुबह जब परिवार के लोग उठे और बछड़ा गायब मिला, तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में लेपर्ड बाड़े में घुसता और शिकार करने के बाद दूसरे रास्ते से बाहर निकलता नजर आया।
घटना के बाद से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रात के समय अकेले घर से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि गांव के आसपास के पहाड़ी क्षेत्र में लेपर्ड की आवाजाही बनी हुई है।
किसान राजू सिंह ने वन विभाग से बाड़े के आसपास पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। फिलहाल लेपर्ड पकड़ा नहीं गया है।