उदयपुर के भीलो का बेदला में लेपर्ड की आवाजाही से लोगो में भय
Udaipur Times, Leopard Terror: उदयपुर शहर से सटे भीलो का बेदला क्षेत्र में एक बार फिर लेपर्ड की आवाजाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार रात दो लेपर्ड एक घर में घुस गए और आंगन में मौजूद पिल्ले का शिकार कर लिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
इससे पहले भी इसी घर में लेपर्ड पांच बकरियों का शिकार कर चुके हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
रात करीब 9 बजे दो लेपर्ड एक साथ मुख्य गेट फांदकर घर के परिसर में घुस आए। घर के आंगन में मौजूद कुत्ते के एक पिल्ले को दोनों लेपर्ड ने अपना शिकार बना लिया। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
परिजनों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब लेपर्ड उनके घर तक पहुंचे हैं। कुछ माह पूर्व भी एक लेपर्ड घर में घुस आया था और पांच बकरियों का शिकार कर लिया था। उस घटना के बाद वन विभाग को कई बार सूचना देने के साथ क्षेत्र में पिंजरा लगाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
लोगों ने वन विभाग से आबादी क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ने की मांग की है।
