सलूंबर-गांव में घुसे लेपर्ड ने 5 बकरियों को किया शिकार

वन विभाग की टीम ने पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलवाकर राहत देने का आश्वासन दिया

 | 
leopard

सलूंबर ज़िले के लसाड़िया के देवलियां गांव के चंपावत फला में बीती रात सोमवार को लेपर्ड ने 5 बकरियों को शिकार बना लिया। घटना के बाद से पशुपालक भगवान पिता पाला मीणा का रो-रोकर बुरा हाल है। भगवान मीणा कच्चे में रहता है और मजदूरी करके जैसे-तैसे अपने परिवार का गुजारा चलाता है। एक झोपड़ी में उसकी 4 बकरी और एक बकरा बंधा हुआ था।

मंगलवार सुबह उसने सुबह उठकर देखा तो उसके होश उड़ गए। एक बकरी को लेपर्ड ले गया। बाकी बकरियां खून से लहुलूहान मृत पड़ी थी। मजदूर भगवान उन्हें देखकर वहीं फूट-फूटकर रोने लगा। घटना की सूचना मिलने पर देवलिया सरपंच नाथूलाल मीणा ने वन विभाग के कर्मचारियों को सूचित किया। सरपंच की सूचना पर सहायक वनपाल धनंजय सिंह सहित टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पटवारी बालू राम मीणा, पटवारी गौतम लाल ने मौका निरीक्षण कर ग्रामीणों से सतर्क रहने की हिदायत दी।

सरपंच नाथूलाल मीणा ने वन विभाग की टीम से पिंजरा लगवाने की मांग की। इस पर वन विभाग की टीम ने पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा दिलवाकर राहत देने का आश्वासन दिया। वही उच्च अधिकारियों से बात कर पिंजरा लगाने का भी आश्वासन दिया। बता दें, इस क्षेत्र में आसपास पहाड़ी और जंगल होने से लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बना रहता है। इससे पहले लेपर्ड इस क्षेत्र में देखा जा चुका है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News