Udaipur Times, Leopard Terror: उदयपुर के अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित गजसिंह जी की बाड़ी में सोमवार देर रात लेपर्ड दिखाई देने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। क्षेत्र के पास सज्जनगढ़ अभयारण्य होने के कारण जंगल से लेपर्ड के आबादी क्षेत्र में आने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही अंबामाता थानाधिकारी हुकम सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और वनकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन लेपर्ड नजर नहीं आया।
थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे गजसिंह जी की बाड़ी क्षेत्र में लेपर्ड दिखाई देने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोग काफी डरे हुए थे। पुलिस ने भी लोगों के साथ मिलकर आसपास तलाश की, लेकिन लेपर्ड का पता नहीं चला।
सुबह वन विभाग की टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर इलाके में लेपर्ड के मूवमेंट पर निगरानी शुरू कर दी। फिलहाल लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।