उपली बड़ी में पिंजरे मे कैद हुआ लेपर्ड
उदयपुर 9 मई 2026 । शहर से सटे उपली बड़ी क्षेत्र में लगाए गए पिंजरे में आखिरकार लेपर्ड कैद हो गया। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर लेपर्ड को सज्जनगढ़ अभयारण्य शिफ्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले पांच दिनों से क्षेत्र में लेपर्ड की दहशत बनी हुई थी। लेपर्ड ने एक महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसकी बाद में मौत हो गई थी। घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल था।
जानकारी के अनुसार, गमेती बस्ती निवासी भूरी बाई (52) पत्नी बंशीलाल गमेती रात के समय अपने कच्चे घर से बाहर आंगन की ओर निकली थीं। इसी दौरान अंधेरे में घात लगाए बैठे लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। लेपर्ड ने महिला के चेहरे और गर्दन पर हमला करते हुए अपने दांत गड़ा दिए।
अचानक हुए हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर लेपर्ड घबरा गया और पास के जंगल की ओर भाग निकला। परिजन और ग्रामीण महिला को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में पिंजरा लगाया था। काफी प्रयासों के बाद आखिरकार लेपर्ड पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू कर सज्जनगढ़ अभयारण्य में शिफ्ट कर दिया।
हालांकि क्षेत्र में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग के अधिकारियों ने जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से खासकर रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और सावधानी बरतने को कहा गया है।
