सज्जनगढ़ अभ्यारण्य से शेरनी सुनयना लापता
वन विभाग अलर्ट पर
उदयपुर 23 जनवरी 2026। सज्जनगढ़ अभयारण्य में प्रस्तावित लायन सफारी शुरू होने से पहले ही वन विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। सफारी क्षेत्र में छोड़ी गई शेरनी सुनयना बीते चार दिनों से अपने शेल्टर में वापस नहीं लौटी है। करीब 20 हेक्टेयर क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है, जबकि शेर सम्राट तय समय पर शेल्टर में पहुंच चुका है।
वन विभाग के अनुसार सबसे बड़ी चिंता यह है कि सफारी की फेंसिंग के बाहर लगातार इंसानी आवाजाही बनी रहती है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि शेरनी को सफारी की झाड़ियों में देखा गया है, लेकिन लगातार शेल्टर में न लौटने और फेंसिंग के पास मानव गतिविधि के कारण विभाग अलर्ट मोड पर है। शेरनी की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
वन विभाग ने बताया कि सफारी शुरू करने से पहले शेरों के जोड़े को वहां छोड़ा गया था, ताकि वे नए इलाके से परिचित हो सकें। शेरनी को सफारी क्षेत्र में देखा गया है, लेकिन वह अब तक शेल्टर तक नहीं पहुंची है। करीब चार दिन पहले, सोमवार को शेर सम्राट और शेरनी सुनयना को होल्डिंग एरिया से खुले बाड़े में छोड़ा गया था। सम्राट तो नाइट शेल्टर में लौट आया, लेकिन सुनयना नहीं आई।
इसके बाद वन विभाग ने शेरनी की तलाश तेज कर दी। खोज के लिए सफारी के अंदर ऊंची पहाड़ी पर बने क्लाउड-9 के कमरों की छत से वनकर्मी निगरानी कर रहे हैं। साथ ही ढोल बजाने और ड्रोन उड़ाने के जरिए उसकी मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है, ताकि जैसे ही वह दिखाई दे, उसकी स्थिति का आकलन किया जा सके और उसे शेल्टर तक लाया जा सके।
वन विभाग का दावा है कि 20 हेक्टेयर में फैली लायन सफारी के भीतर ही शेरनी को देखा गया है और वह जल्द शेल्टर में पहुंच जाएगी। वन अधिकारियों के अनुसार शेरनी को जंगल का स्वाद आ गया है। सफारी क्षेत्र में घास और झाड़ियां अधिक होने के कारण वह बार-बार छिप जाती है। कुछ दिन एन्क्लोजर में घूमने के बाद उसके खाने-पीने की जगह का भी पता चल जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लायन सफारी के लिए शेरों को गुजरात से लाया गया है। वन विभाग ने एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत गुजरात के जूनागढ़ स्थित सक्करबाग चिड़ियाघर से एशियाटिक शेरों के जोड़े को सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क लाया है। इनमें सात साल का नर शेर सम्राट और तीन साल की मादा शेरनी सुनयना शामिल हैं।
#UdaipurNews #SajjangarhSafari #LionessSunayana #ForestDepartmentAlert #AsiaticLions #RajasthanWildlife #UdaipurWildlife #LionMonitoring #SajjangarhBiologicalPark
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
