लौट आई शेरनी सुनयना

पिछले चार दिनों से नहीं लौटने पर वन विभाग चिंतित था 
 | 

उदयपुर 24 जनवरी 2026। सज्जनगढ़ अभयारण्य में प्रस्तावित लॉयन सफारी की शुरुआत से पहले शेरनी सुनयना आखिरकार शुक्रवार शाम अपने शेल्टर होम पहुंच गई। शेल्टर होम तक शेरनी के नहीं लौटने से पिछले चार दिनों से वन विभाग की चिंता बढ़ी हुई थी। शेरनी के शाम करीब साढ़े छह बजे शेल्टर होम पहुंचने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, पिछले चार दिनों से शेरनी सुनयना नियमित रूप से शेल्टर होम नहीं आ रही थी, जिससे वन विभाग की टीमें लगातार उसकी निगरानी कर रही थीं। सफारी क्षेत्र की फेंसिंग के बाहर लोगों की आवाजाही होने के कारण आशंका जताई जा रही थी कि कहीं शेरनी बाहर तो नहीं निकल गई। बुधवार को शेरनी को एक स्थान पर देखे जाने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि वह अभयारण्य के भीतर ही है, जिसके बाद वन विभाग ने उसकी तलाश और निगरानी और तेज कर दी।

वनकर्मी शेरनी की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सफारी क्षेत्र के अंदर टॉप वाली पहाड़ी पर बने क्लाउड-9 के कमरों की छत पर बैठकर लगातार निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार शाम शेरनी दिखाई देने के बाद वन विभाग की एक गाड़ी उसके पीछे लगाई गई और शेल्टर होम की ओर जाने का प्रयास किया गया। प्रयास सफल रहा और शेरनी ने रास्ता पकड़ लिया, जिसके बाद वह शाम साढ़े छह बजे शेल्टर होम पहुंच गई।

उल्लेखनीय है कि शेर सम्राट और शेरनी सुनयना को होल्डिंग एरिया से खुले बाड़े में छोड़ा गया था। लॉयन सफारी शुरू होने से पहले शेरों के जोड़े को इस क्षेत्र में इसलिए छोड़ा गया, ताकि वे नए आवास के अनुरूप ढल सकें। वर्तमान में शेर नियमित रूप से शेल्टर में लौट रहा है, जबकि शेरनी को जंगल का स्वाद लग गया है। सफारी क्षेत्र में घास और झाड़ियों की अधिकता के कारण वह बार-बार छिप जाती है। वन विभाग का मानना है कि कुछ दिन एनक्लोजर में घूमने के बाद शेरनी को अपने खाने-पीने की जगहों का भी स्पष्ट पता चल जाएगा।
 

#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #UdaipurNews #Sajjangarh #LionSafari #WildlifeNews #WildlifeIndia #LionessSunayna