उदयपुर RTO के बाहर अंडरब्रिज की कम ऊंचाई बनी हादसों का कारण

 | 
Udaipur RTO

 

Udaipur Times, Udaipur News:  उदयपुर शहर स्थित आरटीओ कार्यालय के बाहर निर्मित अंडरब्रिज इन दिनों वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी और हादसों का मुख्य केंद्र बन गया है। मानकों में खामी के चलते इस मार्ग से गुजरने वाले बड़े वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।

इसके साथ ही सड़क के बीचों-बीच पड़ा लोहे का गर्डर रात के अंधेरे में वाहन चालकों के लिए बड़े खतरे का कारण बना हुआ है। इस पूरी प्रशासनिक अनदेखी के बीच लोहे के गर्डर को बार-बार हटाने के नाम पर जेसीबी संचालक मनमाना शुल्क वसूल कर जेबें भर रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही से आक्रोशित होकर क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तुरंत कार्यवाही की मांग की है।

स्थानीय निवासी जितेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि अंडरब्रिज की निर्धारित ऊंचाई 5.40 मीटर होनी चाहिए थी, जबकि इसे महज 4.40 मीटर ही बनाया गया है। इस कम ऊंचाई के कारण अक्सर ऊंचे वाहन अंडरब्रिज के नीचे फंस जाते हैं, जिन्हें निकालने के लिए हर बार जेसीबी की मदद से गर्डर को साइड करवाना पड़ता है।

उन्होंने मांग की कि अंडरपास को एक मीटर नीचे करवाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। वहीं प्रकाश प्रजापत ने रोष जताते हुए कहा कि आरटीओ कार्यालय के सामने पूरी सड़क अवैध पार्किंग में तब्दील हो चुकी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News