फतहपुरा से देवाली मार्ग पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, सड़क को किया चौड़ा
पूरी सड़क से अतिक्रमण हटाकर आवागमन को बनाया सुगम
Udaipur Times News , Anti Encroachment Drive, उदयपुर 23 नवंबर 2026 । शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं आमजन को आवागमन में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सोमवार को फतहपुरा से देवाली की ओर जाने वाले मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण हटाकर मार्ग को चौड़ा किया गया।
नगर निगम की अतिक्रमण शाखा द्वारा पूरी सड़क पर कार्रवाई करते हुए करीब 10 फीट तक अतिक्रमण हटाकर रास्ते को व्यवस्थित एवं सुगम बनाया गया।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी को लंबे समय से फतेहपुरा से देवाली मार्ग पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होने एवं आमजन को परेशानी का सामना करने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर के निर्देश पर सोमवार को अतिक्रमण शाखा ने मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई की। पूरी सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई, जिससे अब इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन में आसानी होगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुचारू हो सकेगी।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि फतहपुरा से देवाली मार्ग पर की गई यह कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उदयपुर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं।
ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर सुगम यातायात उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। इस कार्रवाई से शहरवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। Anti Encroachment Drive
महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जहां भी अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा है अथवा शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, वहां नगर निगम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है। Udaipur News
महापौर ने की शहरवासियों से अपील।
नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा है कि शहर में यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है ऐसे में शहर वासी अपने द्वारा किए गए स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण को हटाकर नगर निगम द्वारा की जा रही व्यवस्था में सहयोग करें। यदि अपील के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नगर निगम द्वारा राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 245 अंतर्गत कार्यवाही की जावेगी जिसकी समस्या जिम्मेदारी अतिक्रमण करने वाले की रहेगी।