Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के दाईजी की पुलिया के सामने शनिवार दोपहर गंगौर घाट झील में एक व्यक्ति ने अचानक छलांग लगा दी।
इसी दौरान वहां मछलियों को दाना डाल रहे राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग के जवान गौरव बागोरा की नजर उस पर पड़ गई। गौरव ने बिना देर किए झील में छलांग लगा दी और स्थानीय लोगों की मदद से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद जवान ने व्यक्ति को तत्काल इमरजेंसी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। फिलहाल उसकी हालत को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है।
व्यक्ति के पर्स में मिले ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, उसके मोबाइल से एक दोस्त को भेजे गए संदेश में लिखा था, "भाई, अब तेरे भाई के जाने का वक्त आ गया है।" इस संदेश के आधार पर मामले को आत्महत्या के प्रयास से जोड़कर देखा जा रहा है।