Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर नगर निगम द्वारा आयोजित विश्वप्रसिद्ध दीपावली मेला 2026 के शुभारंभ से पूर्व महापौर पारस सिंघवी ने मंगलवार देर रात तक नगर निगम परिसर में मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान निगम पार्षद विजय आहूजा, महेश पूरी गोस्वामी एवं अधिशाषी अभियंता रितेश पाटीदार भी उनके साथ उपस्थित रहे।
महापौर ने मेला परिसर में की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं रात्रि में ही पूर्ण कर ली जाएं, ताकि बुधवार को मेले के शुभारंभ के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
महापौर ने विशेष रूप से साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, आवागमन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि दीपावली मेला उदयपुर की प्रमुख पहचान है और इसमें शहरवासियों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी शामिल होते हैं। ऐसे में मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं आनंददायक वातावरण उपलब्ध करवाना नगर निगम की जिम्मेदारी है।