महापौर सिंघवी ने अधिकारियों एवं पार्षदों के साथ शहर का किया निरीक्षण
हाथों-हाथ हटवाए अतिक्रमण, सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी के दिए निर्देश
Udaipur Times News, Municipal Corporation Udaipur, UMC, Mayor News उदयपुर 28 सितंबर 2026 । नगर निगम महापौर पारस सिंघवी ने सोमवार सुबह अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, सिवरेज कार्य, अतिक्रमण एवं शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का निरीक्षण कर मौके पर ही समाधान करने के निर्देश जारी किए।
महापौर पारस सिंघवी अल सुबह 9.30 बजे से ही अधिकारियों के साथ शहर में प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण करने निकले और विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर पारस सिंघवी ने सबसे पहले टेकारी सेंट्रल एरिया में चल रहे सिवरेज कार्य का निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा को सिवरेज कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क एवं आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित करने के साथ ही मौके पर पड़ा अनुपयोगी सामान एवं पाइप तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए। Udaipur News
इसके पश्चात महापौर सिंघवी ने समाजसेवी गजपाल सिंह के साथ उदियापोल बस स्टैंड के पीछे वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां मूत्रालय के समीप खड़े ठेले को मौके से हटवाया गया।
महापौर ने निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में अनावश्यक रूप से खड़े ठेलों एवं अन्य अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।
इसी क्षेत्र के समीप स्थित रेलवे ब्रिज के दोनों छोर पर बड़ी हुई झाड़ियों को हटवा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही रंग-रोगन का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने रेलवे स्टेशन के मेन गेट के सामने कच्ची बस्ती के समीप भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यहां सड़क किनारे खड़े ठेलों को हटवाया गया तथा क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहर के प्रमुख प्रवेश एवं आवागमन वाले स्थानों पर स्वच्छता एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। Mayor News
महापौर सिंघवी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्थिति को लेकर नियमित निरीक्षण किया जाएगा एवं जहां भी अव्यवस्था दिखाई देगी वहां पर संबंधित अधिकारियों को जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
शहर में सफाई, रोशनी, अतिक्रमण को लेकर जहां आवश्यकता है वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई आरंभ की जाए जिससे निगम के कार्यों को लेकर लोगों के मन में सकारात्मक संदेश पहुंच सके।
निरीक्षण को औपचारिक नहीं समझे अधिकारी। महापौर पारस सिंघवी ने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए केवल औपचारिक निरीक्षण नहीं, बल्कि मौके पर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। महापौर सिंघवी ने निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की पालना तुरंत प्रभाव से की जाए ऐसे निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। Inspection by Mayor
सभी क्षेत्रीय पार्षद एवं अधिकारी रहे उपस्थित। सोमवार को निगम महापौर पारस सिंघवी द्वारा किए निरीक्षण के दौरान निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन, राहुल मीणा, समाजसेवी कन्हैया लाल वैष्णव, क्षेत्रीय पार्षद विजय आहूजा, वैभव भंडारी, महेश पुरी गोस्वामी सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।