उदयपुर में मेडिकल स्टोर बंद, दवाओं के लिए मरीज दिनभर परेशान

मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीज परेशान, ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में केमिस्ट्स का प्रदर्शन।

 | 
Closed medical stores in Udaipur during chemists’ strike as patients search for medicines near MB Hospital.

उदयपुर 20 मई 2026 - बुधवार को ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर मेडिकल स्टोर बंद रहे, जिससे मरीजों और आम लोगों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। शहरभर में लोग दवा की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। इसी दौरान महाराणा भूपाल हॉस्पिटल (एमबी हॉस्पिटल) के सामने एक मेडिकल स्टोर खुला मिलने पर विवाद की स्थिति बन गई।

अन्य मेडिकल स्टोर संचालक मौके पर पहुंचे और संचालक से स्टोर बंद करने की मांग की। काफी देर तक बहस के बाद समझाइश कर मेडिकल स्टोर बंद करवाया गया। उदयपुर डिस्ट्रिक्ट रिटेल केमिस्ट सोसायटी ने बंद के समर्थन में शहर में रैली भी निकाली।

एमबी हॉस्पिटल के सामने श्रीनाथ प्लाजा से शुरू हुई रैली कोर्ट चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट बंद करने और नकली दवाइयों के कारोबार पर नियंत्रण की मांग उठाई गई। मेडिकल स्टोर संचालक देवीलाल सालवी ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छूट की आड़ में नकली और नशीली दवाओं का कारोबार बढ़ रहा है।

साथ ही कई दवाइयों को निश्चित तापमान में रखने की आवश्यकता होती है, लेकिन ऑनलाइन सप्लाई में इसका ध्यान नहीं रखा जाता। छोटे व्यापारी इससे प्रभावित हो रहे हैं और पूरा कारोबार ऑनलाइन कंपनियों की ओर जा रहा है।

#Udaipur #UdaipurNews #RajasthanNews #MedicalStoreStrike #ChemistStrike #UdaipurMedicalStores #MBHospital #HealthcareNews #MedicineShortage #OnlineMedicine #Rajasthan #UdaipurUpdates #LocalNews #DruggistProtest #UdaipurCity #BreakingNews #RajasthanHealthcare #UdaipurToday

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News