स्कूटी वितरण अनियमितताओं को लेकर MG कॉलेज छात्राओं का हंगामा
प्रिंसिपल को कमरे में बंद कर दिया
उदयपुर 4 फ़रवरी 2026। शहर के सरकारी मीरा गर्ल्स कॉलेज में परीक्षा परिणाम और स्कूटी वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को छत्राओ ने जमकर हंगामा किया। छात्राओं ने लापरवाही के आरोप लगाते हुए कॉलेज प्रिंसिपल को उनके कमरे में बंद कर दिया और कॉलेज का मुख्य गेट भी बंद कर दिया।
छात्राओं का आरोप है कि जब वे अपनी मांगों को लेकर प्रिंसिपल से शांतिपूर्वक बात करने पहुंचे तो उन्होंने आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। इससे नाराज छात्राओं ने विरोध तेज कर दिया। एबीवीपी की सुमन कुंवर ने बताया कि बातचीत के दौरान प्रिंसिपल ने छात्राओं के लिए अनुचित शब्दों का प्रयोग किया, जिससे माहौल बिगड़ गया।

पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष किरण वैष्णव ने बताया कि कुछ दिन पहले बीए और बीएससी सेकंड व फोर्थ सेमेस्टर के परिणाम जारी हुए थे, जिसमें बीएससी के जियोलॉजी, बॉटनी और केमिस्ट्री विषयों में बड़ी संख्या में छात्राओं को फेल कर दिया गया। इसके बाद रिवैल्यूएशन के नाम पर छात्राओं से पैसे मांगे जाने और हर साल फीस बढ़ाने के भी आरोप लगाए गए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में अधिकतर गरीब आदिवासी वर्ग की छात्राएं पढ़ती हैं, ऐसे में यह स्थिति उनके लिए परेशानी का कारण बन रही है।
हंगामे की सूचना पर हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्राओं से समझाइश कर कॉलेज का मुख्य गेट और प्रिंसिपल का चैंबर खुलवाया। इस दौरान प्रिंसिपल और छात्राओं के बीच आमने-सामने बातचीत भी हुई। पुलिस की मध्यस्थता के बाद मामला शांत कराया गया।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
