सायरा ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग, तत्कालीन सरपंच और ग्राम सेवक को 3-3साल की सजा

 | 
judgement

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर। सायरा ग्राम पंचायत में सीसी रोड निर्माण के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग के 16 साल पुराने मामले में उदयपुर कोर्ट ने तत्कालीन ग्राम सेवक नीमाराम मेघवाल और तत्कालीन सरपंच सविता को दोषी ठहराया है। अदालत ने दोनों को 3-3 साल के कारावास की सजा सुनाने के साथ 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है।

विशिष्ट न्यायालय-2 (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के पीठासीन अधिकारी अरुण जैन ने मामले में फैसला सुनाया।

मामला वर्ष 2004-05 में ग्राम पंचायत सायरा में सीसी रोड निर्माण से जुड़ा है। तत्कालीन सरपंच सविता ने 25 जून 2004 को गांव में सीसी रोड निर्माण के लिए 1 लाख रुपए की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति जारी की थी। आरोप था कि निर्माण कार्य के नाम पर सरकारी रिकॉर्ड में 1 लाख 41 हजार 470 रुपए खर्च दर्शाए गए, जबकि जांच में मौके पर केवल 49 हजार 759 रुपए का काम होना पाया गया।

91 हजार 711 रुपए की सरकारी राशि का दुरुपयोग

जांच में मजदूरी और सामग्री भुगतान से जुड़े मस्टररोल तथा अन्य दस्तावेजों में अनियमितताएं सामने आईं। कई मस्टररोल में मजदूरों के नाम और हस्ताक्षर संदिग्ध पाए गए, जबकि कुछ भुगतान दस्तावेजों पर संबंधित व्यक्तियों के हस्ताक्षर भी नहीं मिले। स्वीकृत राशि से अधिक खर्च दर्शाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। अदालत ने पंचायत को 91 हजार 711 रुपए की आर्थिक क्षति पहुंचना प्रमाणित माना।

फर्जी रिकॉर्ड तैयार करना गंभीर अपराध

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने जांच के बाद 7 जुलाई 2010 को मामले में आरोप पत्र पेश किया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 17 गवाहों के बयान प्रस्तुत किए गए। बचाव पक्ष की दलीलों और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में दोषी माना।

अदालत ने फैसले में कहा कि लोकसेवक के पद पर रहते हुए सरकारी धन का दुरुपयोग कर फर्जी रिकॉर्ड तैयार करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों से सरकारी व्यवस्था और जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचता है। इसी आधार पर दोनों दोषियों को 3-3 साल के कारावास और 25-25 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई गई।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News