विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने 5 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण किया
News-ग्राम पंचायत मोही में 5 करोड़ से अधिक लागत के 25 से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण
राजसमंद विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राजसमंद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोही में 5 करोड़ से अधिक लागत के कुल 25 से अधिक विकास कार्यों का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ पुष्पवर्षा कर विधायक दीप्ति माहेश्वरी का आत्मीय स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMFT), विधायक विकास निधि, पंचायत समिति विकास कोष, अटल पथ योजना एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के प्रत्येक गांव में विकास का नया इतिहास रचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार करना सरकार का संकल्प है। इसी क्रम में मोही में सड़क, जल, सामुदायिक भवन, श्मशान घाट, गौशाला, स्वास्थ्य एवं उद्यान विकास जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया गया है।
इन विकास कार्यों का किया उद्घाटन/लोकार्पण
कार्यक्रम के अंतर्गत श्री गोवर्धन गौशाला में केटलशेड एवं शेड निर्माण, सोलर पनघट व सीसी रोड निर्माण, पंच फल उद्यान में ओपन वेल कुआं एवं पाइप लाइन निर्माण, मेड़तिया श्मशान घाट में उन्नत शवदाह गृह एवं चारदीवारी निर्माण, पंचमुखी उद्यान व चारागाह विकास क्षेत्र में सोलर पंप निर्माण, विभिन्न मोहल्लों में सामुदायिक भवन निर्माण/विस्तार कार्य, पुस्तकालय भवन व पुस्तकालय कक्ष निर्माण, सामुदायिक शौचालय निर्माण, नृसिंहद्वारा में टीन शेड एवं सीसी रोड निर्माण, गोदा कुआं क्षेत्र में पाइप लाइन विस्तार एवं सीसी रोड निर्माण, प्रतापपुरा सड़क से करणी सागर तक सीसी रोड निर्माण, दड़ा बस्ती में सीसी रोड व पाइप लाइन निर्माण, कन्या उपवन निर्माण, DMFT मद से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्टाफ क्वार्टर निर्माण, मोही ग्राम जल योजना का जीर्णोद्धार, अमृत सरोवर तालाब पर फुटपाथ निर्माण तथा चारागाह मोही फेज-2 में खुला कुआं व पाइप लाइन निर्माण सहित अनेक कार्य शामिल रहे।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
उपसरपंच दिग्विजय सिंह भाटी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी रहीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान अरविंद सिंह राठौड़ ने की। समारोह में जिला परिषद सदस्य लीला देवी तेली, पंचायत समिति सदस्य बसंत कुंवर, प्रशासक रतनलाल भील, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मांगीलाल कुमावत, उमेश कुमार शर्मा, इंदरसिंह भाटी एवं संपतनाथ सिंह चौहान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत रमेशचंद्र टांक, किशनलाल धोबी, कन्हैयालाल सोनी, रतन खटीक, प्रकाश पहाड़िया, नितिन महात्मा एवं छगनलाल द्वारा किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण जन मौजूद रहे।
News-AVVNL की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
राजसमंद। अजमेर विद्युत वितरण निगम की निगम स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का रंगारंग शुभारंभ गुरुवार को लाल बाग, नाथद्वारा स्थित श्री दामोदर लाल जी महाराज स्टेडियम में हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अजमेर डिस्कॉम के तकनीकी निदेशक एम. सी. बाल्दी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उदयपुर संभाग के मुख्य अभियंता इंदर राज मीना ने की। अन्य अतिथियों में नाथद्वारा नगर पालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल, एच. आर. कालेर अधीक्षण अभियंता (आई.टी.) अजमेर, एस. एस. धनकड़ अधीक्षण अभियंता (प्रोजेक्ट) अजमेर सहित अजमेर डिस्कॉम के विभिन्न वृत्तों के अधीक्षण अभियंता मौजूद रहे।
राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर होंगे विविध कार्यक्रम
राजसमंद। माँ भारती को समर्पित देशभक्ति एवं आध्यात्मिकता के भाव से परिपूर्ण राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में स्मरणोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में द्वितीय चरण का आयोजन 19 से 26 जनवरी 2026 तक किया जा रहा है, जिसका ध्येय वाक्य “स्वतंत्रता का मंत्र–वंदे मातरम्” एवं “समृद्धि का मंत्र–आत्मनिर्भर भारत” निर्धारित किया गया है। इस चरण के अंतर्गत जिले में 23 से 26 जनवरी 2026 तक जिला, ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देशन में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रमों के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए तथा समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जिले के प्रत्येक स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी हो तथा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना सशक्त रूप से प्रसारित हो। साथ ही स्वच्छता, सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश प्रदान किए गए।
23 से 26 तक होंगे ये कार्यक्रम
23 जनवरी को जिले के समस्त विद्यालयों में पीटीएम बैठकों के दौरान वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया जाएगा। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण के साथ देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
24 जनवरी को राजकीय एवं निजी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, महाविद्यालयों, आश्रम छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में चित्रकला, रंगोली, भाषण, नुक्कड़ नाटक, निबंध, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। 24 जनवरी को ही शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक स्थलों, ऐतिहासिक स्मारकों एवं चौराहों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। 25-26 जनवरी को सूचना केंद्र में प्रदर्शनी आयोजित होगी।
वहीं 25 जनवरी को आर.के. राजकीय चिकित्सालय, राजसमन्द में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को श्री बालकृष्ण विद्या भवन, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली में वंदे मातरम् थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं लघु फिल्म का प्रदर्शन सायं 6 बजे से किया जाएगा। इस अवसर पर 25-26 जनवरी को सभी राजकीय कार्यालयों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर विशेष लाइटिंग एवं सजावट की जाएगी।
गणतंत्र दिवस के दिन छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रातः 8.15 बजे शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्य समारोह में पुलिस बैण्ड द्वारा वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीतों पर आधारित बैण्ड वादन प्रस्तुत किया जाएगा। स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों का सम्मान किया जाएगा तथा वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया जाएगा।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
