MLSU विवाद: ABVP ने कुलपति सुनीता मिश्रा के खिलाफ रखा सांकेतिक श्राद्ध

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में सातवें दिन भी विरोध जारी रहा 
 | 
ABVP

उदयपुर 22 सितंबर 2025। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में कुलपति सुनीता मिश्रा के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का विरोध लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। रविवार को परिषद कार्यकर्ताओं ने विरोध के अनोखे रूप में विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन पर कुलगुरु का सांकेतिक श्राद्ध कर राज्य सरकार से उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करने की मांग की।  

महानगर मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह आंदोलन केवल कुलपति की कार्यशैली तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके उस विचारधारा के विरोध में भी है जो मेवाड़ की गौरवशाली धरोहर और युद्ध इतिहास की उपेक्षा करती है और यह संघर्ष मेवाड़ की ऐतिहासिक धरोहर और छात्रहितों की रक्षा के लिए है और कुलगुरु को पद से हटाए जाने तक जारी रहेगा। यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार का कदम उठाता है तो उसे इसकी कीमत चुकाने के लिए तैयार रहना चाहिए।  

इकाई अध्यक्ष प्रवीण टांक ने कहा कि कुलगुरु विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण में मेवाड़ की परंपराओं और वीरता के इतिहास को दरकिनार कर रही हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र होगा।

इकाई सचिव गौतम बंधु ने कहा कि यह सांकेतिक श्राद्ध केवल कुलपति को मेवाड़ की ऐतिहासिक धरती से बाहर करने के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी को चेतावनी देने के लिए भी है जो आगे चलकर मेवाड़ की विरासत और गौरव पर नकारात्मक टिप्पणी करने की सोच रखते हैं।

प्रदर्शन के दौरान कुलदीप सिंह , त्रिभुवन सिंह, पार्थ दीक्षित, चिराग दायमा, अंशुमान सिंह, चिराग तिवारी , खुशी, चंद्रकिरण , करिश्मा, गौरव मेनारिया , कृष्णा जाखड़ ,धीरज डांगी उपस्थित रहे।