MLSU:छात्रों ने वाइस चांसलर का पुतला फूंका

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में तीसरे दिन भी विरोध जारी

 | 
MLSU

उदयपुर 18 जून 2025। मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में बीकॉम प्रथम वर्ष और बीएससी के परिणामों में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। भूख हड़ताल पर बैठे छात्रनेता त्रिभुवन सिंह और युवराज सिंह ने अपनी मांगों को लेकर दृढ़ता दिखाई और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

तीसरे दिन छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कुलपति का पुतला फूंका और उन्हें सबक सिखाने की चेतावनी दी। छात्रों का कहना है कि जब तक कुलपति को वापस नहीं भेजा जाता और निष्पक्ष मूल्यांकन की प्रक्रिया नहीं अपनाई जाती, तब तक विरोध रुकने वाला नहीं है।

भूख हड़ताल पर बैठे छात्रनेता युवराज सिंह ने कहा कि यह केवल अंकों की गलती नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और विश्वविद्यालय की साख से जुड़ा मुद्दा है। त्रिभुवन सिंह ने कहा कि जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हम पीछे नहीं हटेंगे।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेताया कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन की चुप्पी छात्रों के आक्रोश को और बढ़ा रही है। तीसरे दिन भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे छात्र नाराज़ दिखे।

अब यह विरोध केवल परिणामों की जांच नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही की माँग का प्रतीक बन चुका है।