मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने लॉन्च किया स्टूडेंट पोर्टल मोबाइल एप
उदयपुर ,11 नवंबर 2025- मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय ने स्टूडेंट्स के लिए बड़ी सुविधा की शुरुआत करते हुए अपना मोबाइल एप लॉन्च किया है।
इस एंड्रॉयड एप का नाम एमएलएसयू स्टूडेंट पोर्टल है, जिसे प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। एप के माध्यम से एडमिट कार्ड, मार्कशीट, परीक्षा शेड्यूल और रिजल्ट जैसी सभी महत्वपूर्ण जानकारी घर बैठे उपलब्ध होगी।
कार्यवाहक कुलगुरु प्रोफेसर बीपी सारस्वत ने मंगलवार को कुलपति सचिवालय में इसका उद्घाटन किया।
अब तक ये सुविधाएं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध थीं, लेकिन छात्रों को अक्सर वहां जानकारी ढूंढने में परेशानी होती थी।
एप के माध्यम से छात्र और स्टाफ आसानी से अपनी आवश्यक जानकारी देख सकेंगे।
राजस्थान में सुखाड़िया विश्वविद्यालय पहली यूनिवर्सिटी बन गई है जिसने छात्रों और फैकल्टी के लिए इस तरह की डिजिटल सुविधा उपलब्ध कराई है।
एप में वर्ष 2015 से अब तक के सभी छात्रों का रिकॉर्ड उपलब्ध है। विश्वविद्यालय जल्द ही पिछले 30 वर्षों का रिकॉर्ड भी एप पर अपलोड करने की तैयारी कर रहा है।
फिलहाल एमएलएसयू से जुड़े 210 कॉलेजों में डेढ़ लाख से अधिक रेगुलर और प्राइवेट छात्र अध्ययन कर रहे हैं।
कुलगुरु बीपी सारस्वत ने बताया कि डिजिटल युग में भी हजारों छात्र जानकारी के लिए कॉलेज पहुंचने को मजबूर होते हैं।
वेबसाइट पर सुविधा होने के बावजूद कई छात्रों के पास कंप्यूटर नहीं होता और ई-मित्र पर जाना पड़ता है। इस एंड्रॉयड एप से छात्र अपने मोबाइल पर ही सभी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि एप का आईओएस वर्जन भी जल्द ही लॉन्च किया जाएगा, जिसका ट्रायल वर्तमान में जारी है।
