Udaipur Times, Mount Abu Bird Festival 2026: अरावली की हरी-भरी वादियों में शनिवार को पक्षियों की चहचहाहट, प्रकृति की अनूठी विविधता और संरक्षण के संकल्प के साथ पहले ‘माउंट आबू बर्ड फेस्टिवल-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में पहली बार आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में देशभर से पक्षी विज्ञानी, बर्ड एक्सपर्ट, वैज्ञानिक, वन्यजीव संरक्षणकर्ता और प्रकृतिप्रेमी जुटे। सुबह आयोजित बर्ड वाचिंग में 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षियों के दर्शन हुए, वहीं तितलियों की लाइव लाइफ साइकल और दो हजार से अधिक पक्षी आधारित डाक टिकटों की प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और प्रकृतिप्रेमियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। करीब 400 विद्यार्थियों की सहभागिता वाले इस आयोजन ने माउंट आबू की समृद्ध जैव विविधता को जानने और उसके संरक्षण का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराया।
ग्रीन पीपल सोसायटी (जीपीएस), उदयपुर के तत्वावधान में राजस्थान वन विभाग, विश्व प्रकृति निधि (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की आंतरिक सुरक्षा अकादमी के सहयोग से आयोजित बर्ड फेस्टिवल का उद्घाटन शनिवार को आंतरिक सुरक्षा अकादमी परिसर में हुआ। यह आयोजन माउंट आबू के प्रसिद्ध प्रकृतिविद् एवं पक्षी प्रेमी स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति तथा उनके प्रकृति संरक्षण के प्रयासों को समर्पित है।
उद्घाटन समारोह में संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री, उप वन संरक्षक सिरोही डॉ. अजीत उचोई, माउंट आबू नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, उपखंड अधिकारी सिरोही राकेश श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट कर्नल सुमित भारद्वाज, आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार, ग्रीन पीपल सोसायटी अध्यक्ष राहुल भटनागर, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह एवं डॉ. शरद श्रीवास्तव, उप वन संरक्षक वन्यजीव मंडल उदयपुर अनुराग भटनागर, डॉ सुजीत नरवडे, श्याम दवे, रमा सिंह, डॉ बाशोबी भटनागर, गजेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार नानीवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रकृति संरक्षण के लिए सरूपा राम माली को मिला अनिल माथुर स्मृति सम्मान
बर्ड फेस्टिवल का विशेष आकर्षण स्वर्गीय अनिल माथुर की स्मृति में स्थापित प्रकृति संरक्षण पुरस्कार रहा। यह सम्मान राजस्थान के डोड़वा उच्च माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सरूपा राम माली को उनके उल्लेखनीय प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण प्रयासों के लिए प्रदान किया गया। उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं 5,001 रुपये की नकद राशि स्वर्गीय अनिल माथुर की पुत्री पूर्णिमा और दामाद रवि माथुर ने भेंट की।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा रंगीन चित्रों से सुसज्जित पक्षी पहचान पुस्तिका और बर्ड फेस्टिवल की स्मारिका का विमोचन किया गया। विद्यार्थियों को पक्षी पहचान पुस्तिका वितरित की गई। साथ ही माउंट आबू निवासी डॉ. अरुण शर्मा की पुस्तक 'रक्त सूत्र' का भी विमोचन हुआ।
सुबह की बर्ड वाचिंग में दिखीं 25 से अधिक प्रजातियां
बर्ड फेस्टिवल की शुरुआत सुबह प्रकृति के बीच पक्षी अवलोकन से हुई। वन विभाग के सहयोग से आबू पर्वत अभयारण्य के तीन अलग-अलग प्रकृति पथों पर बर्ड वाचिंग आयोजित की गई। बर्ड एक्सपर्ट डॉ. सतीश शर्मा, विक्रम सिंह, राहुल भटनागर, वीरेंद्र सिंह बेड़सा, डॉ. कमलेश शर्मा, विनय दवे, दर्शन मेनारिया और कनिष्क कोठारी सहित विशेषज्ञों ने पक्षी प्रेमियों को विभिन्न प्रजातियों की पहचान कराई।
इस दौरान ग्रीन मुनिया, सिल्वर बिल मुनिया, शॉवलर, टफ्टेड पोचार्ड, पिनटेल, पर्पल स्वाम्फेन, कॉमन पोचार्ड, ग्रे हेरॉन, सैंडपाइपर, वैगटेल, इग्रेट, कॉर्मोरेंट, ग्रेब, कूट, रेड वेंटेड बुलबुल, ट्री पाई और मैना सहित 25 से अधिक प्रजातियों के पक्षी दिखाई दिए। विशेषज्ञों ने इनके प्राकृतिक आवास, भोजन, प्रवास और प्रजनन से जुड़ी रोचक जानकारियां भी साझा कीं।
तितलियों की लाइव लाइफ साइकल ने बच्चों को किया रोमांचित
बर्ड फेस्टिवल में पक्षियों के साथ तितलियों की दुनिया भी आकर्षण का केंद्र रही। डूंगरपुर के बटरफ्लाई एक्सपर्ट मुकेश पंवार ने राजस्थान की प्रमुख तितली प्रजातियों के बारे में जानकारी देते हुए पांच तितलियों की लाइव लाइफ साइकल प्रदर्शित की। अंडे से इल्ली, प्यूपा और फिर खूबसूरत तितली बनने की प्राकृतिक प्रक्रिया को करीब से देखकर विद्यार्थी खासे उत्साहित नजर आए।
इसी प्रकार उदयपुर की फिलैटली विशेषज्ञ पुष्पा खमेसरा ने भारत सहित विभिन्न देशों के दो हजार से अधिक पक्षी आधारित डाक टिकटों की अनूठी प्रदर्शनी लगाई। डाक टिकटों के माध्यम से पक्षियों की विविधता और उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रदर्शनी में दिखी जैव विविधता की झलक
आंतरिक सुरक्षा अकादमी परिसर में प्रकृति एवं पक्षी संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनी लगाई गई। फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी, मैक्स आर्ट, राजस्थान वन विकास निगम और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के उत्पादों एवं साहित्य की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विश्व प्रकृति निधि के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चार विशेषज्ञों ने साझा किए पक्षी एवं वन्यजीव संरक्षण के अनुभव
दोपहर बाद आयोजित तकनीकी सत्र में देश के चार विशेषज्ञों ने पक्षियों और वन्यजीव संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर शोधपरक व्याख्यान दिए।
डॉ. रजत भार्गव, बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री सोसायटी के पूर्व वैज्ञानिक ने राजस्थान में संकटग्रस्त ग्रीन मुनिया के संरक्षण पर विचार रखे।
डॉ. सुतिर्था दत्ता, भारतीय वन्यजीव संस्थान के वैज्ञानिक ने ग्रेट इंडियन बस्टर्ड की पारिस्थितिकी और संरक्षण से जुड़े विषयों पर जानकारी दी।
अभिषेक रे, संगीतकार एवं वन्यजीव संरक्षणकर्ता ने 'बाघ : द इनसाइड स्टोरी' विषय पर अपनी बात रखी।
विजयादित्य सिंह राठौड़, वन्यजीव जीवविज्ञानी एवं लेखक ने थार मरुस्थल में कृषि परिवर्तन और अकशेरुकी जीवों एवं पक्षियों पर पड़ने वाले प्रभावों का विश्लेषण किया।
विशेषज्ञों ने माउंट आबू सहित राजस्थान की विशिष्ट पक्षी संपदा, पारिस्थितिकी संतुलन में पक्षियों की भूमिका, प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और बदलते पर्यावरण की चुनौतियों पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
सामूहिक प्रयासों से ही संरक्षित होगी आबू की प्राकृतिक विरासत
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संभागीय मुख्य वन संरक्षक सुनील छिद्री ने माउंट आबू की समृद्ध जैव विविधता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्र में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। आंतरिक सुरक्षा अकादमी के कमांडेंट महेंद्र कुमार ने राष्ट्रीय महत्व के ऐसे आयोजनों में संस्थान की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अनुराग भटनागर ने पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में पक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
ग्रीन पीपल सोसायटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने स्वागत उद्बोधन में बर्ड फेस्टिवल के उद्देश्यों और इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ.सतीश कुमार शर्मा ने किया जबकि आभार डॉ. ललित जोशी ने व्यक्त किया।
कल भी होंगे विशेष बर्ड वॉक, तीन प्रकृति पथों पर होगा पक्षी अवलोकन
ग्रीन पीपल सोसाइटी के अध्यक्ष राहुल भटनागर ने बताया कि बर्ड फेस्टिवल के दूसरे दिन रविवार, 29 नवंबर को आबू पर्वत अभयारण्य के तीन विशेष प्रकृति पथों—ओरिया तालाब, टाइगर पाथ और ट्रेवर्स ट्रैक पर सूर्योदय से सुबह 9 बजे तक बर्ड वाचिंग आयोजित होगी। इसके बाद प्रश्नोत्तरी एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही पक्षी प्रेमी अपने अनुभव साझा करेंगे।
आयोजन समिति के प्रो. इंद्रजीत माथुर ने बताया कि ग्रीन पीपल सोसायटी की मंशा इस आयोजन को केवल दो दिवसीय उत्सव तक सीमित रखने की नहीं, बल्कि इसे वार्षिक संरक्षण अभियान के रूप में विकसित करने की है। इसके तहत पक्षी गणना, ई-बर्ड के माध्यम से नागरिक विज्ञान को प्रोत्साहन, विद्यालयों में बर्ड क्लब और प्राकृतिक आवासों के संरक्षण जैसी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बर्ड फेस्टिवल में पहुंचे प्रबुद्धजनों ने कहा कि माउंट आबू में पहली बार आयोजित यह बर्ड फेस्टिवल केवल पक्षियों को देखने का आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति को समझने, जैव विविधता के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने और संरक्षण की जिम्मेदारी नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास बनकर सामने आया है।