बलीचा स्थित पंडित दीनदयाल नगर में लेपर्ड का लगातार मूवमेंट जारी

रात ही नहीं, दिन के समय भी अकेले बाहर निकलने में डरने लगे हैं क्षेत्रवासी 

 | 
panther movemenet in balicha

उदयपुर में बलीचा स्थित पंडित दीनदयाल नगर में लेपर्ड का लगातार मूवमेंट जारी है। दूसरे दिन गुरुवार सुबह भी कॉलोनी के ठीक पीछे लेपर्ड नजर आया। लेपर्ड वहां से गुजरा तो कुत्ते भौंकने लगे। एक व्यक्ति ने भी इसका वीडियो बनाया। बताया जा रहा है कि एक मादा लेपर्ड सहित उसके दो शावक है जिनका कुछ दिन से कॉलोनी के आसपास मूवमेंट देखा जा रहा है।

लेपर्ड के मूवमेंट से लोग सहमे हुए हैं। वे अब रात ही नहीं, दिन के समय भी अकेले बाहर निकलने में डरने लगे हैं। बता दें, कि एक दिन पहले भी विजय कुमार रणवा नाम के व्यक्ति घर के बाहर कचरा फेंकने गए थे। तब उन्हें करीब 200 मीटर दूरी पर लेपर्ड और दो शावक दिखे थे।

उन्होंने शोर मचाया तो तीनों झाड़ियों के बीच जाकर छिप गए थे। क्षेत्रवासियों का कहना है कि कॉलोनी के पीछे पहाड़ी और जंगल है, जहां अक्सर लेपर्ड का मूवमेंट रहता हैं। संभावना है कि लेपर्ड नाले के पास पानी पीने के लिए आता रहता है।

डेढ़ महीने पहले भी आया था नजर

करीब डेढ़ महीने पहले भी रात 12 बजे कॉलोनी के ठीक पीछे लेपर्ड नजर आया था। इससे पहले करीब डेढ़ साल पहले भी इस क्षेत्र में लेपर्ड के लगातार मूवमेंट के बाद क्षेत्रवासियों की मांग पर पिंजरा लगाया गया था। हालांकि 4 दिन पिंजरा लगे होने के बावजूद लेपर्ड पिंजरे में नहीं आया।

पिंजरा लगाने की मांग

एक मादा लेपर्ड सहित दो शावक दिखने के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत फैली हुई है। उन्होंने वापस वन विभाग से पिंजरा लगाकर लेपर्ड को पकड़ने की मांग की है। वन विभाग ने कॉलोनी वासियों को पिंजरा लगाने से पहले तक रात में पटाखे फोड़ने के लिए कहा है।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News