सांसदों ने अपने क्षेत्रो में नई ट्रेनों, विस्तार व फेरों में बढ़ोतरी के सुझाव दिए

उत्तर पश्चिम रेलवे पर मण्डलीय समिति (अजमेर और जोधपुर मण्डल) के सांसदों के साथ बैठक का आयोजन
 | 
north western railways

उदयपुर 19 सितंबर 2025। उत्तर पश्चिम रेलवे पर अजमेर और जोधपुर मण्डल के क्षेत्राधिकार में आने वाले सांसदो के साथ मण्डलीय समिति की बैठक प्रधान कार्यालय अजमेर में आयोजित की गई। 

बैठक में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री भागीरथ चौधरी, भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल, बनासकांठा सांसद गनीबेन नागजी ठाकोर, नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, जालौर सांसद लुंबाराम चौधरी, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, साबरकांठा सांसद शोभनाबेन महेंद्रसिंह बरैया, बाड़मेर सांसद उम्मेदा राम बेनीवाल, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, सांसद एवं राजेंद्र गहलोत ने भाग लेकर यात्री सुविधाओं और रेल परिवहन को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक चर्चा की।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने समिति के सदस्यों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में कहा कि जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन और सहयोग यात्री सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में सहयोग प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार ने राजस्थान में विभिन्न रेलवे कार्यों के लिए रिकार्ड 9,960 करोड़ का बजट आवंटन किया है, जो राज्य के विकास को गति प्रदान कर रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे पर इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, पूंजीगत व्यय, विद्युतीकरण, कवच प्रणाली, यात्री सुविधाओं, स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों की प्रगति पर प्रकाश डाला। 

उप महाप्रबंधक (सामान्य) शंशाक ने उत्तर पश्चिम रेलवे के कार्य निष्पादन, यात्री सुविधाओं के कार्य, निर्माण परियोजनाएं तथा उपलब्धियों पर विस्तृत प्रेजेन्टेशन प्रस्तुत किया।

बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री भागीरथ चौधरी ने विगत समय में रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं और विकास के कार्यों प्रगति की प्रशंसा । उन्होंने  विगत वर्षों में रेलवे द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। स्टेशनों पर ट्रेनों में सफाई व्यवस्था में जो उल्लेखनीय सुधार आया है उसके लिए उन्होनें विशेष रूप से प्रशंसा की।

समिति के सांसदों ने अपने क्षेत्र में यात्री यातायात को ध्यान में रखते हुए नई ट्रेनों के संचालन, विस्तार व फेरों में बढ़ोतरी, रेलगाडियों के ठहराव, ट्रेनों की समय-सारणी में बदलाव एवं यात्री सुविधाओं में विस्तार, रेलवे स्टेशनों सफाई व्यवस्था, स्टेशनों का पुनर्विकास, प्लेटफार्मों की संख्या में वृद्धि , वृद्ध एवं निशक्तजनों हेतु सुविधाएं, टिकट काउंटर, द्वितीय प्रवेश, माल लदान सुविधाओं में वृद्धि, रेल सुरक्षा समिति के गठन,इत्यादि पर सुझाव प्रदान किए। समिति के सदस्यों ने बैठक के आयोजन और यात्री सुविधाओं के लिए की गई चर्चा के हेतु रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। 

बैठक में अपर महाप्रबंधक-उत्तर पश्चिम रेलवे अशोक माहेश्वरी, ,मंडल रेल प्रबंधक/अजमेर राजू भूतड़ा,मंडल मंडल रेल प्रबंधक/ जोधपुर अनुराग त्रिपाठी, सभी  विभागाध्यक्षों सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।