MPUAT कुलगुरु ने पेंशन समस्या की स्थाई समाधान का दिया आश्वासन

उदयपुर पेंशनर्स वेलफेयर सोसायटी पदाधिकारियों ने अवगत करवाया समस्या से 

 | 
MPUAT Pensioner

उदयपुर 7 नवंबर 2025। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह ने पेंशन की समस्या के स्थाई समाधान की आवश्यकता पर बल देते हुए पुर्ण सहयोग हेतु आश्वस्त किया । महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर पेंशनर्स वेलफेयर सोसायटी पदाधिकारियों ने आज अपनी साधारण सभा बैठक में नवनियुक्त कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह धाकड का स्वागत किया।

प्रवक्ता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि आज RCA सभागार में कार्यक्रम की शुरूआत में सर्वप्रथम आज सभी पेंशनर्स ने राष्ट्र गीत वंदे मातरम की रचना के 150 वर्ष पुुर्ण होने पर सामुहिक रूप से राष्ट्र गीत वंदे मातरम का गायन किया तथा इसके उपरांत वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डाक्टर सुरेन्द्र कुमार भटनागर तथा पुर्व कुलपति डाक्टर उमाशंकर शर्मा के नेतृत्व में सोसायटी के पदाधिकारियों तथा पेंशनरों ने कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह धाकड का उपरणा धारण करवा कर भावभीना स्वागत किया।

पुर्व विशेषाधिकारी डाक्टर सुभाष भार्गव ने विश्वविद्यालय के 1443 पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं और राजस्थान हाईकोर्ट जोधपुर में लंबित कोर्ट केस के बारे में विस्तार से बताते हुए कुलगुरू से पेंशनरों की समस्याओं का समाधान करके राहत दिलाने हेतु अनुरोध किया।

नवनियुक्त कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह धाकड ने कहा कि इस विश्वविद्यालय के 1443 पेंशनर्स, जिनमें लगभग 400 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व विधवाओं की पेंशन समस्या के स्थाई समाधान हेतु वे दिल से हरसंभव प्रयास करेंगे और इस हेतु राज्य के अन्य चारों कृषि विश्वविद्यालयों के कुलगुरूओं के साथ पहले मिल बैठ कर पेंशन समस्या के स्थाई समाधान हेतु विभिन्न विकल्पों पर विस्तार से चर्चा करेगें और उसके उपरांत राज्य के पांचो कृषि विश्वविद्यालयों के कुलगुरू एक साथ मुख्यमंत्री, वित मंत्री से मिलकर राज्य सरकार से इस बाबत स्थाई समाधान हेतु निवेदन करेंगे।

कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह धाकड ने कहा कि अपना पुरा जीवन इस कृषि विश्वविद्यालय की सेवा और उत्थान में लगाने वाले वरिष्ठ गुरूजन और कर्मचारी इस विश्वविद्यालय की नींव के पत्थर हैं और वे पुरा प्रयास करेगे कि जीवन के उतरार्ध काल में वरिष्ठ गुरूजनों और कर्मचारीयों को किसी प्रकार की तकलीफ ना हो।

पेंशनर वेलफेयर सोसायटी के सह मंत्री गणेश लाल पालीवाल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कुलगुरू डाक्टर प्रताप सिंह धाकड के स्वागत के इस अवसर पर पुर्व अधिष्ठाता डाक्टर वीएन जोशी, पुर्व छात्र कल्याण अधिष्ठाता डाक्टर सुमन सिंह, पुर्व कुलसचिव डाक्टर घनश्याम तिवारी, प्रवक्ता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, कोषाध्यक्ष देवीलाल तेली,संगठन मंत्री रामेश्वर प्रसाद शर्मा,,कोमल सिंह राठौड, धर्मपाल सिंह सरोहा, मोहम्मद भाई आदि प्रमुख उपस्थित थे।