निगम आयुक्त एवं यूडीए आयुक्त ने किया जल भराव क्षेत्र का निरीक्षण
उदयपुर , 8 सितंबर 2025 - नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सोमवार को उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन के साथ शहर में आयड नदी के जल भराव क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां तुरंत सफाई व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने मौके पर खड़े रहकर अग्निशमन वाहनों के माध्यम से गलियों में जमा कीचड़ को साफ करवा कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाई।
इस दौरान निगम अधीक्षण अभियंता मुकेश पुजारी, यूडीए अधिशाषी अभियंता नीरज माथुर, स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र श्रीमाली आदि उपस्थित रहे।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि निगम प्रशासक एवं जिला कलेक्टर नमित मेहता के निर्देश पर सोमवार को यूडीए आयुक्त राहुल जैन के साथ शहर के निगम एवं यूडीए क्षेत्र में जहां जल भराव हुआ था उन क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां तुरंत हालत सामान्य हो ओर किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या नहीं रहे इस हेतु अधीनस्थ अधिकारियों कोआवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
करजाली कॉम्प्लेक्स में खड़े रहकर करवाई सफाई। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना एवं यूडीए आयुक्त राहुल जैन सोमवार को अल सवेरे पुला स्थित आलू फैक्ट्री, करजाली कॉम्प्लेक्स पहुंचे जहां पर जल भराव होने के पश्चात कुछ स्थानों पर जमी गंदगी के कारण क्षेत्रवासी अपने घरों से बाहर बहुत कठिनाई से निकल पा रहे थे। आयुक्त खन्ना ने तुरंत फायर वाहनों के माध्यम से गलियों में जमे कीचड़ को साफ करवाकर आमजन को राहत पहुंचाई।
जमे हुए कीचड़ की सफाई हेतु निगम की बॉब केट मशीन से कीचड़ को ट्रैक्टर में भरकर हटवाया गया। हालांकि निगम द्वारा पिछले दो दिनों से लगातार इस कार्य को प्रमुखता से किया जा रहा है फिर भी आयुक्त ने अतिरिक्त कर्मचारी लगाकर जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था पुख्ता हो ऐसी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
नवरत्न कॉम्प्लेक्स का किया निरीक्षण। पुला में सफाई व्यवस्था पुख्ता करने के पश्चात दोनों आयुक्त नवरत्न कंपलेक्स पहुंचे जहां पर जल भराव के कारण रोड की जालियां टूट गई थी, साथ ही सड़को पर गड्ढे हो गए है जिस पर जल्द से जल्द राहत कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए। प्रभावित सभी क्षेत्रों में होगी फोगिंग। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि आयड नदी के किनारे बसी सभी कॉलोनियों में मच्छर जनित बीमारी नहीं हो इस हेतु फॉगिंग का कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा। कॉलोनी में कहीं पानी एकत्रित नहीं रहे इस हेतु स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा को विशेष निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य निरीक्षक, सभी सेक्टर प्रभारी, जमादार, सफाई कर्मचारी सभी को इस हेतु पूरी तरह पाबंद किया गया है। अशोक नगर एवं आयड श्मशान की हुई सफाई। आयड नदी के जल भराव के कारण अशोक नगर मोक्ष धाम एवं आयड श्मशान पर गंदगी पसर गई थी।
निगम सफाई कर्मचारियों द्वारा 2 दिन तक कार्य कर व्यवस्थित रूप से सफाई की है जिससे शवों के अंतिम संस्कार के दौरान कोई समस्या नहीं हो। आयुक्त की आमजन से अपील।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना एवं यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वह अपने घरों के बाहर किसी भी तरह से पानी नहीं जमा होने दे। इसी जमे हुए पानी में मच्छर का लार्वा पैदा होता है जिससे मच्छर जनित बीमारी फैलती है। निगम द्वारा सफाई व्यवस्था में जो भी कार्य करवाए जा रहे है उसमें आमजन अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर निगम के सहयोग करे।
#Udaipur #MunicipalCorporation #FloodManagement #WaterloggingRelief #UrbanDevelopment
