पारस तिराहे पर नगर निगम की फिर कार्रवाई, सब्जी विक्रेताओं को हटाया
स्थायी समाधान की चुनौती
उदयपुर। दीपावली से पहले शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने पारस तिराहे पर सड़क किनारे बैठे सब्जी विक्रेताओं को हटाया।
यहां पहले भी निगम की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा अतिक्रमण होने से यातायात प्रभावित होने लगा था। सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं के बैठने से जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए निगम की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। हालांकि, बार-बार अतिक्रमण होने के कारण अब सबसे बड़ी चुनौती पारस तिराहे को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की है। देखना होगा कि निगम की सख्ती कितने समय तक असरदार रहती है या फिर यहां दोबारा अतिक्रमण शुरू हो जाता है।