दीन दयाल उपाध्याय पार्क में म्यूजिकल फाउंटेन का शुभारंभ

राज्यपाल कटारिया ने किया शुभारंभ

 | 
fountain park

उदयपुर 22 जनवरी 2024। नगर निगम द्वारा दूध तलाई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में 33 लाख रुपए की लागत से निर्मित म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन किया गया।

नगर निगम विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा और कुलदीप जोशी ने बताया कि उदयपुर में सनसेट पॉइंट से ख्यात पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में यूआईटी द्वारा वर्षों पहले म्यूजिकल फाउंटेन शुरू किए गए थे जो रख रखाव के अभाव में जीर्ण शीर्ण हालत में हो गए उसके पश्चात इस पार्क को नगर विकास प्रन्यास ने नगर निगम को सुपुर्द किया इसके बाद तत्कालीन शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया ने विधायक मद से यहां पर पुनः म्यूजिकल फाउंटेन का कार्य शुरू करवाया। 

अब उसका लोकार्पण असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा अयोध्या में प्रभु श्री राम लला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर किया गया। इस अवसर पर उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन , महापौर गोविंद सिंह टॉक, उप महापौर पारस सिंघवी, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, विभिन्न समितियो के अध्यक्ष, पार्षद, नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य उपस्थित रहे। 

18 मिनट का होगा हर शो

नगर निगम अधिशासी अभियंता रितेश पाटीदार ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन का हर शो 18 मिनट का रहेगा। फाउंटेन में 25 एचपी के दो मोटर लगाई गई है जिससे गाने पर जैसे जैसे साउंड और गायक कलाकार की आवाज बढ़ेंगी वैसे ही लाइट के रंग बदलेंगे और पानी ज्यादा ऊंचाई तक पहुंचेगा।

musical fountain

7 से 8.30 बजे तक चलेगा फाउंटेन

नगर निगम की विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा और गोपाल जोशी ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन प्रतिदिन 7: 00 बजे से लगाकर 8:30 बजे तक संचालित किया जाएगा

7 दिन फ्री प्रवेश

अयोध्या में प्रभु श्री राम लला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पूर्व संध्या पर नगर निगम द्वारा दूध तलाई स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय उद्यान में शुरू किए गए म्यूजिकल फाउंटेन 7 दिन तक शहर वासियों को मुफ्त में प्रवेश दिया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर असम राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, शहर विधायक ताराचंद जैन, महापौर गोविंद सिंह टॉक, उप महापौर पारस सिंघवी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News