नाथद्वारा में जलाशयों में पुष्प-माला डालने पर रोक

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अनोखी पहल 
 | 
News from Rajsamand

नाथद्वारा 8 अप्रैल 2026। शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगरपालिका और पूजारियों द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। नगरपालिका सभागार में आयोजित बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि नगर के जलाशयों में पुष्प-माला एवं अन्य धार्मिक सामग्री डालने पर पूर्ण रोक लगाई जाए।

नगरपालिका आयुक्त सौरभ कुमार जिंदल ने स्पष्ट किया कि जलाशयों को प्रदूषित करना न केवल धार्मिक दृष्टि से पाप है, बल्कि यह कानूनन अपराध भी है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका द्वारा स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ‘निर्माल्य संग्रहण वाहन’ शुरू किया जाएगा, जिससे धार्मिक अवशेषों का व्यवस्थित संग्रहण किया जा सके।

बैठक में उपस्थित पूजारियों और समाज के गणमान्य लोगों ने इस पहल का समर्थन किया। डॉ. बी.एल. जाट और डॉ. तन्मय पालीवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे जलाशयों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें और पुष्प-माला पानी में न डालें। वहीं पालवाले श्री हनुमानजी मंदिर के पूजारी शांतिलाल पालीवाल ने भी इस निर्णय को आवश्यक बताते हुए सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर के जलाशयों को प्रदूषण मुक्त रखना और नाथद्वारा को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है। नगरपालिका और पूजारियों का यह संयुक्त प्रयास शहरवासियों के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

#Nathdwara #Rajasthan #CleanCity #EcoFriendly #SwachhBharat #UdaipurNews #EnvironmentProtection #TempleTraditions

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News