नाथद्वारा में अवैध भाटिया टावर सीज

नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई

 | 
Illegal bhatia tower seized in nathdwara

राजसमंद 14 सितंबर 2025। ज़िले के नाथद्वारा स्थित बोहरा पेट्रोल पंप के पास बने अवैध भाटिया टावर को नगर पालिका ने सीज कर दिया। लंबे समय से विवादों में घिरे इस टावर को लेकर मीडिया लगातार खबरें उजागर कर रही थी। हाल ही में आई ऑडिट रिपोर्ट में टावर की अनियमितताओं को उजागर करते हुए 24 घंटे में सीज करने का नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार, टावर निर्माण में कई गंभीर त्रुटियां पाई गईं। इसमें चारों ओर सेटबैक एरिया नहीं छोड़ा गया, साथ ही वर्तमान में भवन में कमर्शियल गतिविधियां भी संचालित हो रही थीं। इतना ही नहीं, मालिक द्वारा ली गई परमिशन में भी बड़ा घोटाला सामने आया है। परमिशन तो 8135 स्क्वायर फीट पर ली गई थी, जबकि मौके पर जमीन 5000 स्क्वायर फीट से भी कम पाई गई।

पूर्व में भी भाटिया के मकान को गौरव पथ पर परमिशन संबंधी गड़बड़ी के चलते सील किया जा चुका है। सूत्रों के अनुसार, भाटिया ने शहर में करोड़ों की संपत्ति ले रखी है और अब तक सेटलमेंट के आधार पर अवैध निर्माण करता आया है।

नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद नाथद्वारा में हड़कंप मच गया है। शहरवासियों में भी उम्मीद जगी है कि अब अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में नगर पालिका अन्य अवैध निर्माणों पर भी इसी तरह की कार्रवाई कर सकती है।

#Nathdwara #Rajsamand #BhatiaTower #IllegalConstruction #MunicipalAction #RajasthanNews #SealedBuilding #UrbanDevelopment #UdaipurTimes