नाथद्वारा: माइंस में अवैध ब्लास्टिंग से घरों पर बरसे पत्थर
राजसमंद 7 मई 2026। ज़िले की नाथद्वारा तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत उपली ओडन के राजस्व गांव निचली ओडन में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी माइंस में हुई भीषण ब्लास्टिंग के कारण पत्थरों की बारिश सीधे आबादी क्षेत्र में होने लगी। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा गांव दहल उठा और पत्थर ग्रामीणों के घरों की छतों पर जा गिरे। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने माइंस पर पहुंचकर काम रुकवाया और जोरदार प्रदर्शन किया।
नियम ताक पर, पत्थरों की बारिश से दहशत
ग्रामीणों का आरोप है कि माइंस संचालक सुरक्षा मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुरुषों ने बताया कि माइंस में क्षमता से अधिक विस्फोटक का उपयोग कर 'हेवी ब्लास्टिंग' की जा रही है। बुधवार सुबह हुई ब्लास्टिंग के दौरान बड़े पत्थर घरों की छतों पर आकर गिरे, जिससे कई मकानों में दरारें आ गईं। गनीमत रही कि उस वक्त कोई व्यक्ति छत पर या खुले में नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
सहमे बच्चे और बेजुबान
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि कोई सायरन नहीं नियमों के विरुद्ध बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी सायरन के ब्लास्टिंग की जा रही है। खौफ का माहौल धमाकों की गूँज से बच्चे और बुजुर्ग सहमे हुए हैं। पशुपालन पर संकट मवेशियों और बकरियों को चराने के लिए जंगल ले जाना अब जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय निवासी ने कहा की "यहाँ रहना अब दूभर हो गया है। हम हर वक्त डर के साये में जीते हैं कि कब कोई पत्थर हमारे सिर पर आ गिरे। प्रशासन हमारी जान की कीमत समझे और इस माइंस को तुरंत बंद करवाए।"
"लीज निरस्त करो या आंदोलन झेलो"
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि माइंस का संचालन तुरंत प्रभाव से नहीं रोका गया, तो वे उपखंड कार्यालय पर महापड़ाव डालेंगे। इस संबंध में तहसीलदार, खनन विभाग और ग्राम पंचायत को लिखित शिकायत भेजकर माइंस की लीज को तुरंत निरस्त करने की पुरजोर मांग की गई है।
फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक ठोस कार्रवाई नहीं होती, वे पीछे नहीं हटेंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन इस अवैध और खतरनाक ब्लास्टिंग पर क्या नकेल कसता है।
#Nathdwara #Rajsamand #MiningBlast #IllegalMining #RajasthanNews #VillageProtest #MineExplosion #BreakingNews #IndiaNews #SafetyViolation
