राष्ट्रीय अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह का समापन
अग्निशमन सेवा में उत्कृष्ट कार्मिक हुए सम्मानित
उदयपुर ,20 अप्रैल 2026 - राष्ट्रीय अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सात दिवसीय कार्यक्रमों का सोमवार को अशोक नगर स्थित अग्निशमन कार्यालय में गरिमामय समापन हुआ। समापन समारोह में पिछले सात दिनों में आयोजित गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया तथा अग्निशमन सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड जवानों एवं वाहन चालकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि सप्ताह के दौरान नगर निगम एवं अग्निशमन विभाग द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, अस्पतालों, होटलों एवं व्यावसायिक संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित कर आमजन, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रमुख रूप से मैरिएट होटल, जेके पारस हॉस्पिटल, रेहान इंटरनेशनल स्कूल, मैरिएट होटल में विशेष अभ्यास सत्र आयोजित किए गए।
अग्निशमन अधिकारी शिवराम मीणा ने बताया कि समापन अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना द्वारा अग्निशमन कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि अग्निशमन सुरक्षा सप्ताह केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-सुरक्षा के प्रति जागरूकता का सशक्त माध्यम है। आयुक्त ने नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके उपयोग की जानकारी रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही तीन नए फायर स्टेशन स्थापित करने एवं अग्निशमन विभाग को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने की घोषणा भी दोहराई।
समारोह के अंत में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अग्निशमन कार्मिकों को सम्मानित किया गया। कुल 21 कार्मिक को निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने उपरना ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसी के साथ अनंता इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ एंड रिसर्च सेंटर, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल,पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, उमरड़ा, मिराज डेवलपर्स, बाबूजी मिष्ठान भंडार, वंडर सीमेंट, पी.आई. इंडस्ट्रीज़, सिक्योर मीटर्स, मैनकाइंड फार्मा आदि के प्रतिनिधियों को अग्निशमन विभाग में सहयोग हेतु सम्मानित किया गया।
#UdaipurNews #RajasthanNews #FireSafetyWeek #FireSafetyAwareness #UdaipurCity #नगरनिगम #PublicSafety #FireDepartment #EmergencyPreparedness #SmartCityUdaipur #SafetyFirst #UrbanSafety #RajasthanUpdates #LocalNewsUdaipur #Firefighters
