MB हॉस्पिटल में निःशुल्क दवा योजना पर लापरवाही
उदयपुर 4 मार्च 2026। संभाग के सबसे बड़े राजकीय महाराणा भूपाल चिकित्सालय में त्योहारी माहौल के बीच निःशुल्क दवा योजना की अव्यवस्था सामने आ रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रशासनिक लापरवाही के चलते अपने मूल उद्देश्य से भटकती नजर आ रही है।
इमरजेंसी के सामने स्थित निःशुल्क दवा वितरण केंद्र पर पिछले कई महीनों से दवाओं की संपूर्ण उपलब्धता नहीं है। बदलते मौसम और त्योहारों के समय जब मरीजों की संख्या बढ़ जाती है, तब आवश्यक मौसमी दवाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
नेबुलाइजर के लिए सालबुटामोल, इप्राट्रोपियम, बुडेसोनाइड, साथ ही कफ सिरप, टैबलेट एन-एसीटाइलसिस्टीन, डाइक्लोफेनाक जेल, ओन्डैनसेट्रॉन टैबलेट, नाइट्रोफ्यूरेंटोइन टैबलेट जैसी जरूरी दवाएं कई महीनों से नदारद बताई जा रही हैं।
परिणामस्वरूप मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल परिसर के बाहर निजी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक भार पड़ रहा है।
वहीं इमरजेंसी के सामने कार्डियोलॉजी विभाग के पास स्थित निःशुल्क दवा वितरण केंद्र संख्या 27 पर बहिरंग विभाग (OPD) के भामाशाह लाभार्थियों को अनुपलब्ध दवाएं बाजार से खरीदकर उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। इसके बावजूद रात्रिकालीन मरीजों को केवल 3 से 5 दिन की दवा लिखने के नियमों के चलते इस केंद्र के संचालन और प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा हो रहा है।
गौरतलब है कि यह मामला पूर्व में भी समाचारों में प्रकाशित हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। आवश्यक है कि संबंधित अधिकारी इस विषय में तत्काल संज्ञान लें और निःशुल्क दवा योजना को प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध हो सकें और योजना अपने वास्तविक उद्देश्य की पूर्ति कर सके।
#Udaipur #MBHospital #FreeMedicineScheme #MaharanaBhupalHospital #GovernmentHospital #RajasthanHealthcare #MedicineShortage #HealthcareNegligence #PublicHealth #PatientRights #HealthSystem #MedicalCrisis #HospitalNews