राजस्थान मे रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, RIICO करेगा 376 करोड़ के प्लॉट आवंटन

 | 
RIICO Plot Alloment

 

Udaipur Times, RIICO Plots, Rajasthan News: राजस्थान में अधिक से अधिक औद्योगिक इकाइयां लगाने के लिए RIICO द्वारा नीलामी में 102 भूखण्डों के लिए 200 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। जिन भूखण्डों के लिये सफलतापूर्वक बिडिंग संपन्न हुई, उनका क्षेत्रफल करीब 62 एकड़ तथा कुल मूल्य लगभग 376 करोड़ रुपये हैं।

नीलामी में औद्योगिक भूखण्डों के साथ-साथ कियोस्क, होटल, वे-ब्रिज, स्कूल, दुकान, पेट्रोल पंप तथा कमर्शियल शोरूम जैसी विभिन्न श्रेणियों के भूखण्ड भी उद्यमियों के लिए उपलब्ध कराए गए। नीलामी में अजमेर, अलवर, भिवाड़ी, घीलोठ, जयपुर, नागौर, पाली, कोटा और सवाई माधोपुर सहित प्रदेश के अनेक जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया।

इनमें आबूरोड के ग्रोथ सेंटर द्वितीय चरण एवं सरणेश्वर, भीलवाड़ा के ग्रोथ सेंटर हमीरगढ़, भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र कहारनी, औद्योगिक क्षेत्र घीलोठ, जयपुर के औद्योगिक क्षेत्र बगरू-छितरौली, कोटा के औद्योगिक क्षेत्र इंद्रप्रस्थन तथा पाली के औद्योगिक क्षेत्र नया गांव के लिए उद्यमियों का विशेष रुझान देखने को मिला।

इन भूखण्डों पर स्थापित होने वाली औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर सृजित करेंगी। इससे राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News