उदयपुर 4 सितंबर 2025। बेड़वास मुख्य हाईवे से बेड़वास को जोड़ने वाले रास्ते पर स्थित रेलवे का संकरा ब्रिज अब जल्द ही इतिहास बनने वाला है। भारतीय रेलवे ने यहां नया अंडरपास बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए रेलवे ने NIT जारी कर दी है, जिसके तहत मौजूदा पुल के पास 5.0×2.5 मीटर आकार का नया रेलवे अंडरपास बनाया जाएगा। इस कार्य पर करीब 2.37 करोड़ रुपये की लागत आएगी। अंडरपास बनने से बेड़वास, बेड़वास-मादड़ी लिंक रोड और आसपास की करीब 15 कॉलोनियों व गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। अनुमान है कि रोजाना 6 से 7 हजार लोग इस मार्ग से गुजरते हैं।
पुराना ब्रिज बना परेशानी का सबब
वर्तमान संकरे ब्रिज से फिलहाल केवल टू-व्हीलर ही निकल सकते हैं। बारिश के समय स्थिति और भी बिगड़ जाती है, जब पुल पर पानी भर जाने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार छात्रों को पटरी पार कर अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता तय करना पड़ा। आपात स्थिति में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तक इस मार्ग से नहीं गुजर सकती और गाड़ियों को लंबा चक्कर लगाकर आना पड़ता है।
लंबे समय से उठ रही मांग
स्थानीय लोगों की ओर से इस ब्रिज को चौड़ा करने या नया अंडरपास बनाने की मांग वर्षों से उठाई जा रही थी। चारपहिया वाहन चालकों को अक्सर आठ किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
जनप्रतिनिधियों ने भी उठाया मुद्दा
इस विषय को उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित कई जनप्रतिनिधियों ने उठाया। वहीं ग्रामीण भुवनेश कुमार आमेटा ने तो इस मामले को लेकर हाईकोर्ट तक लड़ाई लड़ी। अब रेलवे द्वारा अंडरपास निर्माण की तैयारी से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
#UdaipurNews #Bedwas #RailwayUnderpass #UdaipurDevelopment #InfrastructureUpdate #RajasthanNews #SmartUdaipur #UdaipurUpdates #UdaipurTimes