राजसमंद जिला प्रमुख की रेस मे निहारिका राव की चर्चा तेज, क्या कांग्रेस का नया चेहरा बनेंगी?
Udaipur Times, Rajsamand News: राजसमंद जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद अब जिले में जिला प्रमुख पद को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुईं निहारिका राव का नाम भी जिला प्रमुख पद की संभावित दावेदारों में प्रमुखता से लिया जा रहा है।
निहारिका राव ने जिला परिषद वार्ड संख्या 10 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की है। उन्होंने करीब 1900 मतों के अंतर से जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई। नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र में मिली इस जीत को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सीपी जोशी के राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भी देखा जा रहा है।
जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने कुल 29 सीटों में से 17 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया है। इस चुनाव में कांग्रेस के सामने कई सीटों पर चुनौतीपूर्ण मुकाबला था। ऐसे में निहारिका राव की जीत को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण परिणामों में गिना जा रहा है।
अब सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा है कि क्या निहारिका राव को जिला प्रमुख पद की जिम्मेदारी मिल सकती है? राजनीतिक चर्चाओं में यह भी सवाल उठ रहा है कि पूर्व विधायक डॉ. सीपी जोशी और कांग्रेस के जिला नेतृत्व के बीच निहारिका राव की जीत को संगठनात्मक विश्वास और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के नजरिए से किस रूप में देखा जाएगा।
हालांकि जिला प्रमुख पद को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी अंतिम नाम घोषित नहीं किया गया है, लेकिन निहारिका राव की जीत के बाद उनका नाम संभावित दावेदारों की चर्चा में शामिल हो गया है। अब सभी की निगाहें कांग्रेस नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं।