उदयपुर नगर निगम चुनाव: वार्ड 76 से बीजेपी प्रत्याशी कविता जोशी का नामांकन स्वीकार

कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ ने कविता जोशी की उम्मीदवारी पर आपत्ति दर्ज कराते हुए उन्हें लाभ के पद पर कार्यरत बताया था

 | 
Nagar Nigam

 

Udaipur Times News, Political News Udaipur,  उदयपुर सितमबर 2026- नगर निगम चुनाव 2026 के तहत वार्ड संख्या 76 से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी कविता जोशी के नामांकन को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाई गई आपत्ति को रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया है।

संवीक्षा के दौरान कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ ने कविता जोशी की उम्मीदवारी पर आपत्ति दर्ज कराते हुए उन्हें लाभ के पद पर कार्यरत बताया था।

आपत्तिकर्ता ने दावा किया था कि कविता जोशी महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के CTAE में लेक्चरर गेस्ट फैकल्टी के रूप में कार्यरत थीं और विश्वविद्यालय से पारिश्रमिक प्राप्त कर रही थीं।

ऐसे में राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 24 के तहत उनकी उम्मीदवारी को अयोग्य बताते हुए नामांकन निरस्त करने की मांग की गई थी।

कविता जोशी की ओर से आपत्ति का जवाब देते हुए बताया गया कि उन्होंने गेस्ट फैकल्टी के पद से पहले ही इस्तीफा दे दिया था और उनका इस्तीफा 24 अगस्त 2026 को डीन CTAE द्वारा स्वीकार किया जा चुका है। Civic Body Election 2026

साथ ही गेस्ट फैकल्टी की नियुक्ति को पूर्णकालिक या अंशकालिक वैतनिक नियुक्ति की श्रेणी में नहीं आने का तर्क दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 24(12) और उपलब्ध दस्तावेजों का परीक्षण किया। Political News

आदेश में कहा गया कि आपत्तिकर्ता की ओर से कविता जोशी की पूर्णकालिक या अंशकालिक वैतनिक नियुक्ति का कोई नियुक्ति पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जिससे उन्हें धारा 24(12) के तहत अयोग्य माना जा सके।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया कि कविता जोशी द्वारा प्रस्तुत 24 अगस्त के इस्तीफा स्वीकृति दस्तावेज को झूठा या फर्जी साबित करने का मामला रिटर्निंग ऑफिसर के क्षेत्राधिकार में नहीं आता। इस संबंध में आपत्तिकर्ता सक्षम न्यायालय में कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र है। Congress Party

रिटर्निंग ऑफिसर ने निष्कर्ष में कहा कि कविता जोशी राजस्थान नगरपालिका अधिनियम के तहत अयोग्यता की श्रेणी में नहीं आती हैं।

इसके साथ ही फतेहसिंह राठौड़ की आपत्ति को खारिज करते हुए वार्ड 76 से बीजेपी प्रत्याशी कविता जोशी का नाम निर्देशन पत्र क्रमांक 3/76 स्वीकार कर लिया गया। फैसला 1 सितंबर 2026 को सुनाया गया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News