अब सीएचसी भुवाणा के रिक्त पड़े प्रथम तल से संचालित होगा सीएमएचओ-द्वितीय कार्यालय

मेडिटेशन सत्र के साथ नए अस्थायी भवन में शुरू हुआ नियमित काम-काज*
 | 
Udaipur CHC

जिला कलेक्टर के आदेशानुसार स्थायी भवन बनने तक भुवाणा सीएचसी के प्रथम तल पर शिफ्ट हुआ कार्यालय*
 

 

Udaipur Times News, Medical News, उदयपुर, 14 नवंबर 2026:- अब सीएचसी भुवाणा के खाली पड़े प्रथम तल से संचालित होगा सीएमएचओ-द्वितीय  का कार्यालय । 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर जिले के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनीटरिंग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में आज से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (द्वितीय) कार्यालय का नियमित कामकाज नए स्थान पर शुरू हो गया है।

जिला कलेक्टर महोदय के आदेशानुसार, जब तक बलीचा में आवंटित भूमि पर कार्यालय का स्थाई भवन तैयार नहीं हो जाता, तब तक इसे अस्थायी रूप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), भुवाणा के प्रथम तल पर शिफ्ट कर दिया गया है।

संयुक्त निदेशक (जोन-उदयपुर) डॉ. ओमप्रकाश रायपुरिया और सीएमएचओ (प्रथम) डॉ. अशोक आदित्य के सानिध्य में सीएमएचओ (द्वितीय) डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़ ने आज से नए स्थान पर विधिवत कार्य संचालन प्रारंभ किया।

इस अवसर पर डिप्टी सीएमएचओ (प्रथम) डॉ. विक्रम सिंह, डिप्टी सीएमएचओ (द्वितीय) डॉ. हितेश प्रताप सिंह, आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता, डीटीओ डॉ. प्रणव भावसार, सीएचसी भुवाणा प्रभारी डॉ सोनल गुप्ता, समस्त खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी उदयपुर द्वितीय, डॉ भुवनेश चंपावत, डॉ नरेंद्र जोशी, प्रशासनिक अधिकारी चंद्रवीर सिंह, सहित कार्यालय के अन्य सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री कमल मेहता ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाई

तनाव मुक्त कार्यशैली की पहल: प्रथम दिन सभी ने किया मेडिटेशन

नए कार्यालय में कामकाज के पहले दिन एक सकारात्मक और स्वास्थ्यवर्धक पहल करते हुए विशेष मेडिटेशन (ध्यान) सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को श्री मुकेश कलाल (विशेष सहायक, राज्य मंत्री पंचायती राज) एवं श्री प्रफुल्ल गांधी द्वारा सामूहिक मेडिटेशन करवाया गया।

सीएमएचओ 2 डॉ. महेन्द्र सिंह राठौड़ ने इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली (Lifestyle) और गैर-संचारी रोगों (NCDs) के बढ़ने में मानसिक तनाव (Stress) की सबसे प्रमुख भूमिका है।

स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्य के दबाव को देखते हुए स्ट्रेस मैनेजमेंट में मेडिटेशन की महत्वपूर्ण भूमिका को समझा गया है। इसी सोच के साथ नए कार्यालय के प्रथम दिन से इसकी शुरुआत की गई है। आने वाले समय में इस हेतु अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं जैसे हार्टफुलनेस के माध्यम से और अधिक बड़े स्तर पर जन जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम किए जाएंगे।

आमजन तक पहुँचाया जाएगा योग और ध्यान का लाभ

विभाग की आगामी कार्ययोजना के तहत, इस पहल को केवल कार्यालय तक सीमित न रखकर चरणबद्ध तरीके से विस्तार दिया जाएगा:

1. प्रथम चरण: जिले के सभी चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को तनाव प्रबंधन और मेडिटेशन का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
2. द्वितीय चरण: प्रशिक्षित अमले के माध्यम से जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में आयुष और योग प्रशिक्षकों के सहयोग से आमजन के बीच नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि समाज को भी तनाव मुक्त और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ा जा सके।

अब से सीएमएचओ (द्वितीय) क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले सायरा, गोगुंदा, बड़गांव, मावली, भिण्डर, वल्लभनगर और कुराबड़ ब्लॉकों से जुड़े समस्त प्रशासनिक कार्य और जन-सुविधाएं भुवाणा स्थित इसी कार्यालय से सुगमतापूर्वक संचालित होंगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News