सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में NSUI का जोरदार प्रदर्शन
उदयपुर 24 नवंबर 2025 - मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (MLSU) में सोमवार को एनएसयूआई (NSUI) कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यूनिवर्सिटी में लगातार अनियमितताएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन समस्याओं के समाधान के बजाय पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सबसे अधिक विरोध डीन मदन सिंह राठौड़ को लेकर देखने को मिला। NSUI कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि डीन की कार्यशैली यूनिवर्सिटी के माहौल को खराब कर रही है और वे छात्रों की समस्याओं को अनदेखा कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने डीन को पद से हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। छात्रों ने बताया कि हॉस्टलों में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। महीनों से शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। साथ ही कई हॉस्टलों में ऐसे छात्र रह रहे हैं जो नियमित रूप से यूनिवर्सिटी से जुड़े नहीं हैं, इस पर कार्रवाई की मांग भी उठी।
फीस रिफंड प्रक्रिया धीमी होने से छात्रों में नाराजगी रही, उनका कहना है कि उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सभी संकायों के रिजल्ट को लेकर भी अनियमितताओं का आरोप लगाया। छात्रों के अनुसार आरएल (रिजल्ट लेट) की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो रहा है, लेकिन यूनिवर्सिटी स्तर पर कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा।
एनएसयूआई नेताओं ने डीन मदन सिंह राठौड़ पर कार्यक्रमों को लेकर पक्षपात करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि हाल ही में एक एबीवीपी कार्यक्रम को पहले निरस्त किया गया था, लेकिन देर रात करीब एक बजे अचानक अनुमति दे दी गई, जो पक्षपातपूर्ण निर्णय दर्शाता है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे फैसलों से यूनिवर्सिटी का माहौल प्रभावित हो रहा है।
एनएसयूआई ने मांग की है कि छात्रों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए और यूनिवर्सिटी में पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। प्रदर्शन के बाद भी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।