geetanjali-udaipurtimes

ओम बिरला ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भवन निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों को भी सम्मानित किया
 | 

उदयपुर 25 नवंबर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उदयपुर में चैम्बर ऑफ कॉमर्स उदयपुर डिवीजन के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह भवन उद्योग और व्यापार जगत की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और सपनों का प्रतीक है। यह उदयपुर की आर्थिक यात्रा को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण केंद्र सिद्ध होगा।

बिरला ने कहा कि उदयपुर केवल पर्यटन की दृष्टि से ही नहीं, बल्कि औद्योगिक, व्यापारिक और निवेश संभावनाओं के क्षेत्र में भी अपार क्षमता रखता है। मेवाड़ की पावन धरा अपनी संस्कृति, कला और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पूरी दुनिया के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है, और अब यह उद्योग एवं निवेश के क्षेत्र में भी नई उड़ान भर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया में निवेश, कौशल और व्यापार का उभरता हुआ केंद्र है। भारत की युवा शक्ति वैश्विक परिवर्तन की संवाहक बन रही है, और उनकी सोच तथा दक्षता भारत की नई पहचान बना रही है। निश्चित ही चैम्बर ऑफ कॉमर्स का यह नया भवन नवाचार, उद्यमिता और नई संभावनाओं का केंद्र बनेगा। यह स्थान युवाओं को प्रोत्साहित करेगा कि वे आत्मनिर्भर भारत की यात्रा में नए विचारों और तकनीक के साथ आगे बढ़ें।

स्पीकर बिरला ने कहा कि उदयपुर आने वाले विश्वभर के पर्यटकों और निवेशकों के साथ संवाद, सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर भी यह भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आज समय डेटा, तकनीक और नवाचार का है जो शहर इन संभावनाओं पर काम करेगा वही तेजी से प्रगति करेगा।
बिरला ने उद्योग-व्यापार जगत से जुड़े प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे समय-समय पर सरकार को सुझाव दें, ताकि मिलकर विकसित राजस्थान और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन अपने निर्माण के उद्देश्य को पूर्ण करते हुए उदयपुर के आर्थिक विकास में नई ऊर्जा जोड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भवन निर्माण में योगदान देने वाले भामाशाहों को भी सम्मानित किया।

कार्यक्रम में सासंद सीपी जोशी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, विधायक ताराचंद जैन व फूलसिंह मीणा, पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ सहित जनप्रतिनिधि और चैम्बर के सदस्य उपस्थित थे।

#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #UdaipurNews #OmBirla #ChamberOfCommerce #UdaipurBusiness #InvestInUdaipur #AtmanirbharBharat #UdaipurTourism #IndustryGrowth #UdaipurDevelopment #Mewar

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal