राजस्थान में ओमीक्रॉन की एंट्री

राजस्थान में ओमीक्रॉन की एंट्री

दक्षिण अफ्रीका से लौटे एक ही परिवार के 4 सदस्य समेत 9 लोग आये चपेट में 

 
omicron

भारत में आज एक ही दिन में 18 केस मिले, राजस्थान में 9, महाराष्ट्र में 8, दिल्ली में 1

भारत में अब तक कुल 22 केस

उदयपुर 5 दिसंबर 2021 आज रविवार को देश में ओमिक्रॉन के एक साथ 18 केस मिले हैं। इनमें सबसे ज़्यादा राजस्थान में 9 मरीज इस नए वैरिएंट से संक्रमित पाए गए । जयपुर में एक परिवार के 4 सदस्य हाल में दक्षिण अफ्रीका से लौटे थे। उनके संपर्क में आए 5 अन्य लोगों में भी ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इससे पहले पुणे में एक और इससे सटे जिले पिंपरी चिंचवाड़ में 7 लोगों में नया वैरिएंट मिला था। दिल्ली में भी एक मरीज इससे संक्रमित मिला है। इसके साथ ही देश में इस वैरिएंट के 5 राज्यों में 22 केस हो गए हैं।

राजस्थान के संक्रमित मिले परिवार के 4 सदस्य 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से वाया दुबई-मुंबई होते हुए जयपुर पहुंचे थे। यहां इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह परिवार राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) में भर्ती है। इनमें माता-पिता के साथ दो बच्चे शामिल है।

महाराष्ट्र में भी आज ओमिक्रॉन के 8 नए मामले मिले। पिंपरी चिंचवाड़ जिले में कोरोना पॉजिटिव पाए गए 7 लोगों के सैंपल्स जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। इसमें कोरोना के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई। इन सभी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। वहीँ पुणे के आलंदी में एक व्यक्ति को ओमिक्रान से संक्रमित पाया गया। हालाँकि आलंदी के संक्रमित व्यक्ति का सैंपल दोबारा जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट कल सोमवार को आएगी।

पिंपरी चिंचवाड़ में ओमिक्रॉन से संक्रमित मिले 7 लोगों में से 4 अभी विदेश से लौटे थे। इन सभी का टेस्ट कराया गया था, जिसमें ये पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद इनके संपर्क में आने वाले 3 अन्य का भी टेस्ट कराया गया था। ये तीनों भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन सभी के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे, जिसकी रिपोर्ट रविवार को आई है। संक्रमितों में नाइजीरिया से आई एक महिला, उसका भाई और दो बेटियां भी शामिल हैं। 

दिल्ली में भी ओमिक्रॉन के पहले केस का पता चला है। उक्त संक्रमित तंजानिया से आया था। एयरपोर्ट पर जांच के बाद उसके ओमिक्रॉन संक्रमित होने की जानकारी मिली। उसे दिल्ली के लोक नारायण जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती किया गया है।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal