भुवाणा में आदिवासी परिवार की जमीन हड़पने का विरोध

कांग्रेस ने उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की

 | 
Congress delegation submitting memorandum to Udaipur District Collector regarding Bhuwana tribal land dispute

उदयपुर 27 जनवरी 2026 - शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने भुवाणा क्षेत्र में एक आदिवासी परिवार की करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि को कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक हड़पने और पीड़ित परिवार को ही आरोपी बनाए जाने के मामले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि समाचार पत्रों और पीड़ित पक्ष के अनुसार आदिवासी परिवार को कथित रूप से बंधक बनाकर करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि हड़पने का प्रयास किया गया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि इस मामले में पीड़ित परिवार के खिलाफ ही प्रकरण दर्ज कर दिया गया, जो न्याय की मूल भावना के विपरीत है। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में भाजपा विधायक पुष्पेंद्र सिंह और स्वयं को मुख्यमंत्री का रिश्तेदार बताने वाले हेमंत शर्मा की भूमिका संदेह के घेरे में है।

ज्ञापन में कहा गया कि विशेष रूप से इस केस के लिए डिप्टी एसपी की पोस्टिंग कराना और सुखेर थानाधिकारी द्वारा न्यायालय के आदेशों की कथित अवहेलना करना पुलिस और सत्ता के गठजोड़ की ओर इशारा करता है।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि पुलिस रसूखदारों के दबाव में कार्य करेगी तो आदिवासी और कमजोर वर्ग को न्याय कैसे मिलेगा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि भुवाणा भूमि प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराई जाए, पीड़ित परिवार पर दर्ज कथित झूठे प्रकरणों को निरस्त किया जाए, दोषी जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और उनकी भूमि पर पूर्ण अधिकार दिलाया जाए। कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय व्यवस्था में आमजन का विश्वास बनाए रखने की अपील की।

#UdaipurNews #BhuwanaLandCase #TribalRights #RajasthanPolitics #CongressProtest #LandSeizure #JusticeForTribalFamilies #RajasthanNews #UdaipurUpdates #IndependentInvestigation

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News