सीवरेज चैंबर में रसोई अपशिष्ट देख दिए उदयपुर कलक्टर ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए

 | 
UMC

Udaipur Times, 12 जून 2026। उदयपुर जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने गुरुवार को नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के साथ वॉल सिटी एवं झील किनारे स्थित विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीवरेज व्यवस्था, झील संरक्षण, स्वच्छता, पंपिंग स्टेशनों की कार्यप्रणाली तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीवरेज चैंबर में किचन अपशिष्ट मिलने पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने झील किनारे स्थित कुछ सीवरेज चैंबरों के ढक्कन खुलवाकर उनकी स्थिति की जांच की। चैंबरों में रसोईघर से निकलने वाले अपशिष्ट एवं ग्रीसयुक्त कचरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। कलक्टर ने कहा कि किचन अपशिष्ट के कारण सीवरेज चैंबर बार-बार जाम हो रहे हैं, जिससे ओवरफ्लो होकर दूषित पानी झीलों में पहुंच रहा है। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए संबंधित व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं होटल संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि जिला कलक्टर ने सर्वप्रथम चांदपोल पार्किंग का निरीक्षण किया। इसके पश्चात वे पैदल भ्रमण करते हुए घड़ियां देवरा, बागौर की हवेली, गणगौर घाट, लाल घाट, दाइजी पुलिया, चांदपोल बाहर, नागा नगरी एवं ब्रह्मपोल सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे तथा वहां सीवरेज एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रीस चैंबर नहीं होने पर सीज होंगे प्रतिष्ठान

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट किया कि जिन व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं होटलों ने अपने परिसर में अनिवार्य ग्रीस चैंबर स्थापित नहीं किए हैं तथा जिनका रसोई अपशिष्ट सीधे सीवरेज लाइन में प्रवाहित हो रहा है, ऐसे प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सीजिंग की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि झीलों को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पिछोला झील के पानी का लिया सैंपल

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी शरद सक्सेना को पिछोला झील का सैंपल लेने के निर्देश दिए तथा जल गुणवत्ता की जांच करवाने तथा आवश्यक परीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

नागा नगरी एवं सीसारमा पंपिंग स्टेशन का किया निरीक्षण

जिला कलक्टर ने नागा नगरी पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर सीवरेज अपशिष्ट के संग्रहण एवं पंपिंग प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं आने देने तथा पंपिंग स्टेशन के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने सीसारमा पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि पिछोला झील को प्रदूषणमुक्त रखने के उद्देश्य से सीसारमा गांव के लगभग 800 घरों को 62 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज नेटवर्क से जोड़ा गया है। इसके लिए यहां 1 एमएलडी क्षमता का पंपिंग स्टेशन स्थापित किया गया है, जिसकी कार्यप्रणाली की जानकारी जिला कलक्टर को दी गई।

पिछोला झील संरक्षण को लेकर ड्रोन से होगा सर्वे, जल्द गठित होगी टीम

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने पिछला झील संरक्षण को लेकर ड्रोन सर्वे करवाने के निर्देश दिए हैं। झील के चारों ओर किसी भी तरह से कोई अतिक्रमण या व्यापारिक प्रतिष्ठान से कोई अपशिष्ट झील में तो नहीं गिर रहा है इसकी जानकारी हेतु ड्रोन से सर्वे करवाया जाएगा। इस कार्य हेतु जल्द ही एक टीम का गठन किया जाएगा जो ड्रोन एवं नाव के माध्यम से पिछोला झील के चारों ओर सघन निरीक्षण करेगी।

निर्माणाधीन फूड कोर्ट का भी लिया जायजा

जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल ने निगम आयुक्त के साथ रानी रोड स्थित निर्माणाधीन फूड कोर्ट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फूड कोर्ट के निर्माण के दौरान उद्यान के मूल स्वरूप में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य इस प्रकार किया जाए कि उद्यान क्षेत्र सुरक्षित रहे तथा हरित क्षेत्र को किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण के दौरान UDA अधीक्षण अभियंता संजीव शर्मा, नगर निगम अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा,  लखनलाल बेरवा, अधिशासी अभियंता दिनेश पंचोली, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी शरद सक्सेना सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News