प्रतापनगर में सड़क हादसे के बाद आक्रोश

गुस्साए लोगों ने लगाया जाम, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग
 | 
accident at pratapnagar

उदयपुर 29 जनवरी 2026। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत के मामले को लेकर गुरुवार को क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखने को मिला। स्कूल से घर लौट रहे मासूम को मिनी ट्रक द्वारा कुचल दिए जाने की घटना के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया और उदयपुर-डबोक एयरपोर्ट नेशनल हाईवे पर नाकोड़ा नगर-रकमपुरा जाने वाले मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया।

Pratapnagar accident

क्षेत्रवासियों ने बताया कि बुधवार शाम नाकोड़ा नगर रोड पर गोरंग शर्मा (11) निवासी अशापुरा नगर, स्कूल से छुट्टी के बाद रोज की तरह साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे में साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद वाहन चालक मिनी ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मिनी ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Pratapnagar accident

घटना से गुस्साए लोगों ने बच्चे का शव देखकर विरोध जताया और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। फिलहाल पुलिस लोगों को समझाइश कर यातायात सुचारू कराने का प्रयास कर रही है।