माली कॉलोनी में बछड़े का गर्दन कटा शव मिलने से आक्रोश

महापौर और विधायक मौके पर पहुंचे
 

 | 
Udaipur TImes News

Udaipur Times News , उदयपुर 24 नवंबर 2026 । सूरजपोल थाना क्षेत्र की माली कॉलोनी स्थित राडाजी मंदिर के पीछे खाली जगह पर गाय के एक बछड़े का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना बीती रात करीब 10 बजे की है। स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के बीच बछड़े का शव देखा, जिसकी गर्दन धड़ से गायब थी। यह देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध जताया।

माहौल गर्माने की सूचना पर नगर निगम महापौर पारस सिंघवी और उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं एएसआई तेजसिंह और एएसआई महेश पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और लोगों को समझाकर माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों ने आसपास संचालित डेयरी फार्म पर बछड़े का शव फेंकने की आशंका जताई। उन्होंने संबंधित डेयरी संचालकों को पाबंद करने की मांग की। Udaipur News 

महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि टेकरी स्थित खाली स्थान पर बछड़े का शव फेंके जाने की एक महीने में यह चौथी घटना है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि शव को कुत्ते नोचते हैं, जिससे वातावरण खराब होता है और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर शव को उठवाया और उचित स्थान पर भिजवाया।

विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि खाली जमीन से झाड़ियां हटवाकर इसे समतल कराया जाएगा। यूडीए या नगर निगम के माध्यम से इस जगह का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने गोपालकों से ऐसी हरकत नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से गौसेवकों में आक्रोश बढ़ता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News