UDA की कार्रवाई के खिलाफ आक्रोश, 72 घर तोड़े जाने पर हंगामा

भड़के लोग, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर किया प्रदर्शन – विस्थापितों को घर और मुआवज़ा देने की मांग
 | 
Savina Kheda residents protest UDA demolition drive in Udaipur — 72 families displaced demand rehabilitation

उदयपुर, 7 नवंबर 2025। शहर के सवीना खेड़ा इलाके में गुरुवार को UDA द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्यवाही को लेकर नाराज क्षेत्रवासी शुक्रवार को पहले भाजपा कार्यालय और फिर कलेक्ट्री पहुंचे जहाँ उन्होंने UDA द्वारा की गई कार्यवाही के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन और विभाग द्वारा अतिक्रमण के नाम पर की गई कार्यवाही से बेघर हुए लोगों को फिर से घर बनाकर देने की मांग की। 

प्रदर्शनकारियों ने UDA के खिलाफ नारेबाजी की और उसके द्वारा की गई कार्यवाहीं को गलत ठहराया।  

इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच ने कहा की अगर UDA को कोई कार्यवाही करनी थी तो पहले क्षेत्रवासियों को नोटिस देकर अवगत करना था लेकिन इनके द्वारा कोई नोटिस नहीं दिया गया और गुरुवार को दिन में जब घरों से सभी लोग काम के लिए और बच्चे स्कूल चले जाते है उस समय अचानक से आकर तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया।  यहाँ तक की लोगों को उनके घरों से सामान भी बाहर निकालने की मोहलत भी नहीं दी गई। और क्षेत्र में करीब 72 मकान को निशाना बनाकर लोगों को बेघर कर दिया। 

उन्होंने बताया की इस पेराफेरी में जितने भी मकान हैं सभी बिलानाम है, किसी के पास भी पट्टा नहीं है, पट्टे जारी करवाने के लिए करीब 3 बार UDA में फ़ाइल दी गई उन्हें अवगत करवाया गया लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने कहा की सभी लोग इस क्षेत्र में सालों से रह रहे है और अचानक से सभी बेघर हो गए, जिससे सभी दुखी है और सभी में नाराजगी है। 

प्रदर्शनकारियों में शामिल रामचंद्र मेघवाल का कहना था की पंचायत में तो सभी जमीन बिलानाम की ही होती है, किसी के पास कोई दस्तावेज नहीं होता। जैसे जैसे वहां रहने वालों का परिवार बढ़ता है वैसे वैसे वो लोग घर बनाते जाते है। जैसे ही नए मकान क्षेत्र में बने उस समय विभाग की टीम क्यों नहीं आई रोकने, क्यों मना नहीं किया बनाने से और फिर जब बन गए और लोगो रहने लगे तो अचानक से इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया। सभी ने नल और बिजली के कनेक्शन ले रखे हैं। उन्होंने कहा की सभी चाहते है की जिन लोगों का मकान टूटा उन्हें पुनः मकान बनाकर दिए जाए और उनका जो नुक्सान हुआ उसके लिए मुआवजा दिया जाए साथ ही इस बात को भी सुनिश्चित किया जाए की इस तरह की कार्यवाही भविष्य में कभी नहीं दोहराई जाए। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News