नाथद्वारा पीएम श्री विद्यालय में जल संरक्षण पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

65 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
 | 

राजसमंद 10 फ़रवरी 2026 ।  राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री गोवर्धन राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नाथद्वारा में विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से जल संरक्षण विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जल के महत्व से अवगत कराना तथा जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 65 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “जल बचाओ, भविष्य बचाओ” जैसे प्रभावशाली संदेशों को अपने चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर सामाजिक विकास विशेषज्ञ श्रीकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल का संरक्षण ही भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बढ़ती जनसंख्या और बदलती जीवनशैली के कारण जल संसाधनों पर अत्यधिक दबाव पड़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल का सदुपयोग करे और अपव्यय से बचे। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में जल संरक्षण के सरल एवं प्रभावी उपायों की जानकारी दी तथा जल बचाने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान एएसडी श्रीमती ममता शर्मा ने भी जल संरक्षण विषय पर अपने विचार व्यक्त किए तथा RUIDP द्वारा संचालित जलप्रदाय योजनाओं एवं जन जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण न केवल वर्तमान आवश्यकता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती लीना भट्ट ने RUIDP द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों एवं जल संरक्षण जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए परियोजना टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।

चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में प्रथम स्थान एलिना गौरी, द्वितीय स्थान नव्या गुर्जर एवं तृतीय स्थान हीरल गुर्जर ने प्राप्त किया, जिन्हें मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, RUIDP टीम तथा विद्यालय परिवार से मदन लाल, विनोद कुमार, डाली लोधा एवं आई.ओ.टी. मेंबर गजेन्द्र माली ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों तक जल संरक्षण का संदेश प्रभावी रूप से पहुँचाया गया।

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal