आबादी क्षेत्र में तेंदुओं की चहलकदमी से दहशत

खेरवाड़ा के जवास गांव में तेंदुओं की चहलकदमी 
 | 
leopard movement

उदयपुर 22 जनवरी 2026। ज़िले के खेरवाड़ा क्षेत्र में उस समय दहशत और कौतूहल का माहौल बन गया, जब जवास गांव के बेहद नजदीक पहाड़ियों में तेंदुए का मूवमेंट दिखाई दिया। 

जंगल से सटे इलाके में दो तेंदुए नजर आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपनी आंखों के सामने तेंदुओं की चहलकदमी देखी और पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। खेरवाड़ा कस्बे से करीब 11 किलोमीटर दूर स्थित जवास गांव का यह वीडियो अब सामने आया है।

वीडियो में लोगों की आवाजाही देखकर एक तेंदुआ पहाड़ी के ऊपर की ओर भागता हुआ नजर आ रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में रात के समय दो तेंदुए आराम करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि तेंदुओं का यह मूवमेंट आबादी क्षेत्र के काफी पास देखा गया, जिससे ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर तेंदुओं की आवाजाही रहती है, लेकिन इतनी नजदीक से तेंदुओं को देखना दुर्लभ है। ग्रामीणों के अनुसार जवास रावला के पीछे स्थित पहाड़ी क्षेत्र में तेंदुओं का मूवमेंट लगातार बना रहता है। वन विभाग को भी इस संबंध में सूचना दी गई है, ताकि एहतियाती कदम उठाए जा सकें और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।