सलूंबर में 18 घंटे में दो बहनों की मौत से दहशत
लसाड़िया के कुंडा गांव में उल्टी और दौरे के बाद गई जान, जांच में जुटा स्वास्थ्य विभाग
उदयपुर 24 अप्रैल 2026 - सलूंबर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में 18 घंटे के भीतर दो चचेरी बहनों की मौत से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मामला खजुरी पंचायत के कुंडा गांव का है, जहां दोनों बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ी और उन्होंने घर पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे आशा (6) पुत्री तेजा मीणा को अचानक उल्टी की शिकायत हुई और उसकी हालत बिगड़ने लगी। इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उसकी चचेरी बहन रूसिया (5) पुत्री समीया मीणा की भी तबीयत बिगड़ी और उसकी भी मौत हो गई। दोनों बच्चियों को उल्टी के बाद तेज दौरे पड़ने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं और घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। कुछ बीमार बच्चों को लसाड़िया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
बी.सी.एमएचओ डॉ. सिंटू कुमावत ने बताया कि अभी मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। वहीं सीएमएचओ डॉ. महेंद्र परमार ने बताया कि एक बच्ची का पोस्टमॉर्टम कर सैंपल जांच के लिए उदयपुर भेजे गए हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र के पास झल्लारा और लसाड़िया में 1 से 8 अप्रैल के बीच रहस्यमयी बीमारी से 8 बच्चों की मौत हो चुकी है। उस दौरान उल्टी-दस्त के लक्षण सामने आए थे और जयपुर व उदयपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीमों ने गांवों में जाकर 500 से अधिक परिवारों का सर्वे किया था। इधर दोनों बच्चियों की मौत के मामले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी के निर्देशन में तत्काल 7 मेडिकल टीमों का गठन कर क्षेत्र में व्यापक सघन सर्वे शुरू कर दिया गया है।
मेडिकल टीमें घर-घर जाकर स्वास्थ्य जांच कर रही हैं, वहीं पशुपालन विभाग द्वारा भी पशुओं का सर्वे कर सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी संभावित कारण का पता लगाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित परिवारों से जानकारी ली और गांव में बच्चों व परिजनों के रक्त सहित अन्य सैंपल लिए। गांव में घर-घर सर्वे शुरू कर दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी पी निरंतर हालात का जायजा ले रहे है, जिला कलेक्टर ने चिकित्सा टीम को पूरे क्षेत्र का व्यापक सर्वे कर जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
सीएमएचओ डॉ महेन्द्र परमार ने बताया कि बीसीएमओ डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में एक विशेष मेडिकल टीम गांव में डेरा डाले हुए है। टीम घर-घर जाकर बच्चों की जांच कर रही है और रक्त के नमूने ले रही है।
सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में लगातार डोर-टू-डोर सर्वे, सैंपलिंग, स्वास्थ्य जांच और जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही हैं। साथ ही संदिग्ध मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, फिर भी विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है।
मच्छर जनित संभावित रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग एवं एंटी लार्वल गतिविधियाँ तेज कर दी गई हैं। मच्छरों एवं अन्य वाहक जीवों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से स्प्रे किया जा रहा है।
साथ ही, पशुओं में संभावित संक्रमण को ध्यान में रखते हुए पशुपालन विभाग की टीमों द्वारा भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। गांवों में दवा छिड़काव कर वातावरण को स्वच्छ एवं रोगमुक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गर्मी के मौसम में लगातार बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) की आशंका को देखते हुए विभाग ने सभी से आवश्यक सावधानियां बरतकर सुरक्षित रहने का आह्वान किया है।
सीएमएचओ डॉ महेन्द्र परमार ने बताया कि लू या तापघात के दौरान सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना, बेहोशी, कमजोरी, शरीर में ऐंठन और नब्ज का असामान्य होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
बचाव के लिए सलाह दी गई है कि घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं, हल्के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। इसके अलावा छाछ, ओआरएस घोल, लस्सी, नींबू पानी एवं कच्चे आम का पेय जैसे तरल पदार्थों का सेवन लाभकारी है।
यदि किसी व्यक्ति को लू लग जाए तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर लिटाकर कपड़े ढीले करें, ठंडे पेय पदार्थ दें और शरीर का तापमान कम करने के लिए ठंडे पानी की पट्टियां रखें। स्थिति गंभीर होने पर प्रभावित व्यक्ति को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श दिलाने की सलाह दी गई है।
लसाड़िया एसडीएम ने मौके पर मेडिकल टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार मॉनिटरिंग और जांच की जा रही है।
एक बच्ची का पोस्टमार्टम करा लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
#Salumbar #Lasadiya #Udaipur #RajasthanNews #Rajasthan #VillageAlert #HealthCrisis #BreakingNews #IndiaNews #PublicHealth #MedicalAlert #HeatwaveIndia #RuralHealth #UdaipurNews #RajasthanUpdates
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
