स्कूल के पास घास काट रही महिला पर पैंथर का जानलेवा हमला
उदयपुर 28 जनवरी 2026। ज़िले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के जोगियों का गुड़ा गांव में मंगलवार को एक पैंथर ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 52 वर्षीय प्यारी बाई पत्नी रोड़ा गमेती गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार प्यारी बाई गमेती गांव के स्कूल के समीप स्थित वन क्षेत्र में पालतू पशुओं के लिए घास काट रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे पैंथर ने अचानक पीछे से महिला की गर्दन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिला नीचे गिर गई, लेकिन साहस दिखाते हुए उसने बचाव का प्रयास किया।
हमले के दौरान महिला के गर्दन, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई गंभीर चोटें आई हैं । महिला के जोर-जोर से चिल्लाने पर आसपास मौजूद लोगों की आवाज सुनकर पैंथर मौके से जंगल की ओर भाग छूटा।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी नरेंद्र पुरी गोस्वामी, रमेश गिरी व सुरेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर पैंथर को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। वही वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
